संताल एक्सप्रेस संवाददाता
राजमहल-राजमहल नगर पंचायत क्षेत्र के नीलकोठी वार्ड नंबर 2 में ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है. बर्तन बदलने आई एक महिला घर की महिला को पाउडर सुंघाकर बेहोश कर करीब तीन लाख के गहने, कांसे के बर्तन और कई कीमती साड़ी लेकर फरार हो गई.पीड़ित मुकेश कुमार घोष के परिवार ने बताया कि गुरुवार दोपहर एक अज्ञात महिला पुराने टूटे-फूटे बर्तनों के बदले नए बर्तन देने का झांसा देकर घर में घुसी. उसने घर की महिलाओं को बातों में उलझाया और बर्तन दिखाने लगी. आरोप है कि इसी दौरान उसने हाथ में रखा पाउडर जैसा पदार्थ महिला पर छिड़क दिया. जिससे वह अचेतावस्था में हो गई. इसी का फायदा उठाकर आरोपी महिला ने घर में रखे करीब तीन लाख रुपये के सोने के जेवरात और कांसे के कीमती बर्तन समेट लिए और मौके से फरार हो गई. होश में आने के बाद परिवार को चोरी की जानकारी हुई. बताया जा रहा है कि इसी ठग महिला ने पास के एक अन्य घर को भी निशाना बनाया है. वहां से सोने की कान की बाली और चांदी की पायल चोरी कर ली .घटना के बाद पूरे मोहल्ले में दहशत का माहौल है. वही सूचना मिलते ही राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, एसआई महादेव उरांव सहित पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है. फुटेज में एक महिला सामान लेकर भागती हुई नजर आ रही है. पुलिस उसकी पहचान करने में जुटी है. इस संबंध में थाना प्रभारी हसन अंसारी ने बताया कि पीड़ित परिवारों ने थाना में आवेदन दिया है. पुलिस जांच में जुटी है.


