* प्रोफेसर समेत करीब दो दर्जन लोगों से 1,000 से 15 लाख रुपये तक कराया गया निवेश
* 5 से 75 प्रतिशत रिटर्न और आठ महीने में मूलधन दोगुना करने का दिया था लालच
* पीड़िता के बयान पर सात के खिलाफ ठगी व ब्लैकमेलिंग का केस, 60 लाख रंगदारी मांगने का भी आरोप
दुमका। बकरी पालन योजना में कम समय में भारी रिटर्न का लालच देकर करीब 1.37 करोड़ रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय की सहायक प्रोफेसर डॉ. अंजुला मुर्मू समेत करीब दो दर्जन लोगों को इस कथित निवेश योजना में फंसाए जाने का आरोप है। पीड़िता के बयान पर नगर विश्वविद्यालय ओपी पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग का मामला दर्ज किया है।
—————-
पांच से 75 प्रतिशत रिटर्न का दिखाया सपना
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, दिसंबर 2025 में बिहार के नवादा निवासी विनोद कुमार सिंह, रंजीत शर्मा, मनीष कुमार सिंह और विवेक कुमार ने ‘रियल वर्ल्ड एसेट्स’ नामक कंपनी की बकरी पालन परियोजना में निवेश का प्रस्ताव दिया। आरोपियों ने निवेशकों के सामने दो पैकेज रखे। पहले में पांच प्रतिशत और दूसरे में 75 प्रतिशत रिटर्न का दावा किया गया।
दूसरे पैकेज में आठ महीने में मूलधन दोगुना करने का कथित झांसा दिया गया। इसके बाद लोगों से एक हजार रुपये से लेकर 15 लाख रुपये तक का निवेश कराया गया। आरोप है कि धीरे-धीरे अन्य लोगों को भी योजना से जोड़कर उनकी आईडी तैयार की गई।
—————-
सामाजिक प्रतिष्ठा का इस्तेमाल कर लोगों को जोड़ने का आरोप
पीड़िता डॉ. अंजुला मुर्मू ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उनकी सामाजिक छवि और समुदाय में उनकी साख का इस्तेमाल कर अन्य लोगों को भी निवेश के लिए तैयार किया। प्राथमिकी में विलियम जैकब, सुष्मिता सोरेन और रीता समेत अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं।
आरोप है कि प्रोफेसर के नाम का सहारा लेकर कई आदिवासी लोगों को फर्जी कागजात के जरिए निवेश के लिए तैयार किया गया। बाद में निवेश की रकम को लेकर विवाद बढ़ने लगा।
—————-
खुद को भी ठगी का शिकार बता रहीं प्रोफेसर
डॉ. अंजुला मुर्मू का कहना है कि वह स्वयं भी इस कथित ठगी की शिकार हैं। उनका आरोप है कि आरोपियों ने अब उन्हें झूठे मामले में फंसाने की धमकी देना शुरू कर दिया है। साथ ही 60 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का भी आरोप लगाया गया है।
—————-
पुलिस ने शुरू की जांच, साक्ष्य जुटाने में जुटी
नगर विश्वविद्यालय ओपी के थाना प्रभारी बाजो रजक ने बताया कि पीड़िता के बयान पर सात लोगों के खिलाफ ठगी और ब्लैकमेलिंग का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और संबंधित साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।


