पलामू । जिला मुख्यालय मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के सुआ गांव में संदिग्ध परिस्थिति में एक महिला की मौत हो गई। महिला की मौत को नेचुरल बताकर परिवार के लोग गुरुवार सुबह अंतिम संस्कार में जुटे थे। तैयारी पूरी कर दी गई थी। इसी बीच में पुलिस मौके पर पहुंची और अंतिम संस्कार रोककर डेड बॉडी को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भेज दिया। सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी ने गुरूवार सुबह 11 बजे घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि महिला के जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर लेने की जानकारी मिली थी। स्थिति स्पष्ट करने के लिए डेड बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। महिला की पहचान 30 वर्षीय पुष्पा देवी पति सुदामा यादव के रूप में हुई है। इधर जानकारी मिली है कि बुधवार रात पति से विवाद के बाद मानसिक तनाव में आकर पुष्पा देवी ने जहरीला पदार्थ खा लिया।
पुष्पा की मौत पर उसके मायके पक्ष के लोगों ने भी कोई ऐतराज नहीं जताया। ऐसे में उसकी मौत को नेचुरल मानकर ससुराल पक्ष के लोग अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए थे। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। महिला की शादी वर्ष 2021 में हुई थी। उसका एक बच्चा भी है। महिला का मायका पलामू जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के मनन दोहर में है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा कि महिला की मौत किन कारणों से हुई है। जहरीला पदार्थ खाने से मौत होने की स्थिति में पुलिस अनुसंधान कर मामले को स्पष्ट करेगी।


