नई दिल्ली । अभिनेत्री कृति सेनन के रक्षाबंधन विज्ञापन को लेकर चल रहे विवाद के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उनका समर्थन किया है। राहुल गांधी ने कृति सेनन की सोशल मीडिया पोस्ट को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा करते हुए महिलाओं की पसंद और आजादी का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि कोई महिला क्या पहनती है, क्या करती है और कहां जाती है, यह उसकी अपनी पसंद है। साथ ही उन्होंने महिलाओं को अपनी आजादी का इस्तेमाल करने के लिए ट्रोल नहीं करने की अपील की।
दरअसल, रक्षाबंधन से जुड़े एक आभूषण विज्ञापन में कृति सेनन के पहनावे को लेकर सोशल मीडिया पर विवाद शुरू हुआ था। कुछ लोगों ने विज्ञापन में उनके पहनावे और पारंपरिक रक्षाबंधन की रस्मों को लेकर सवाल उठाए। इस मामले में भाजपा सांसद कंगना रनौत ने भी कृति सेनन पर निशाना साधते हुए कहा था कि महिलाओं के पास पहनने के लिए कई तरह के विकल्प हैं, इसलिए रक्षाबंधन जैसे त्योहार पर पहनावे को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।
विवाद बढ़ने के बाद कृति सेनन ने अपनी बात रखते हुए कहा था कि त्योहारों की खूबसूरती कपड़ों में नहीं, बल्कि उनसे जुड़ी भावनाओं और परंपराओं में होती है। उन्होंने महिलाओं के पहनावे पर समाज की टिप्पणियों पर भी सवाल उठाया और कहा कि किसी महिला के सम्मान या अपनी संस्कृति से जुड़ाव को केवल उसके कपड़ों से नहीं आंका जाना चाहिए।
राहुल गांधी के समर्थन के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। सोशल मीडिया पर महिलाओं की स्वतंत्रता, पहनावे, संस्कृति और त्योहारों की परंपराओं को लेकर बहस तेज हो गई है।


