● जरमुंडी विधायक के यहां दो माह से काम कर रहा था 28 वर्षीय सोनू राउत, सुबह नाश्ता बनाने के बाद कमरे में मिला शव।
● परिजनों ने जताई हत्या कर शव लटकाने की आशंका, हंसडीहा थाने में विधायक, पत्नी, पुत्र-बहू समेत नौ पर नामजद प्राथमिकी।
● एसपी बोले— पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ही स्पष्ट हो पाएगा हत्या या आत्महत्या का मामला।
ब्यूरो
दुमका : हंसडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत नोनीहाट स्थित डाक बंगला परिसर में सोमवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब परिसर के एक कमरे में 28 वर्षीय युवक सोनू राउत का शव पंखे से फंदे के सहारे लटकता मिला। मृतक देवघर जिले के सारवां थाना क्षेत्र स्थित दोयम तेलियाडीह गांव का निवासी था और पिछले करीब दो महीने से जरमुंडी विधायक देवेन्द्र कुंवर के यहां रसोइये के रूप में काम कर रहा था। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए हंसडीहा थाने में लिखित आवेदन सौंपा, जिसके आधार पर पुलिस ने भाजपा विधायक देवेन्द्र कुंवर समेत कुल नौ लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
————-
नाश्ता बनाने के बाद कमरे में गया था सोनू
परिजनों के अनुसार, सोनू कुछ दिन पूर्व मनसा पूजा में शामिल होने अपने पैतृक गांव गया था और शनिवार को ही काम पर वापस लौटा था। सोमवार सुबह उसने रोजमर्रा की तरह नाश्ता तैयार किया और अपने कमरे में चला गया। दोपहर का भोजन पकाने के समय जब वह बाहर नहीं निकला, तो लोग उसे बुलाने पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद था और कोई आवाज नहीं आ रही थी। खिड़की से झांकने पर सोनू का शव फंदे से लटकता दिखाई दिया, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचित किया गया।
————-
परिजनों ने लगाया साजिश और हत्या का आरोप
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि सोनू ने आत्महत्या नहीं की है, बल्कि उसकी हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को फंदे पर लटकाया गया है। परिजनों ने शरीर पर संदिग्ध चोट के निशान होने का भी दावा किया है। दिए गए आवेदन में विधायक के अलावा उनकी पत्नी, बेटा, बहू, साला, सरहज, सरहज का बेटा, निजी चालक और अन्य स्टाफ को नामजद अभियुक्त बनाया गया है।
————-
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति होगी स्पष्ट: एसपी
सूचना मिलते ही हंसडीहा व रामगढ़ थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट नहीं कहा जा सकता कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। केवल शव की स्थिति देखकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस सभी संभावित पहलुओं, तकनीकी साक्ष्यों और परिस्थितियों की गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।


