पलामू । नक्सलियों के हथियारों की सूचना पर इनाम देने की तर्ज पर अब पलामू पुलिस ने अपराधियों के अवैध हथियारों को भी निशाने पर लिया है। पुलिस ने हथियारों की जानकारी देने वालों के लिए इनाम की घोषणा की है।
ऑटोमेटिक हथियार की सूचना देने पर 20 हजार रुपये से अधिक, पिस्टल की जानकारी पर 15 हजार और देसी कट्टा बरामद कराने वाली सूचना पर पांच हजार रुपये तक इनाम दिया जाएगा। सूचना देने वाले की पहचान और इनाम की राशि गोपनीय रखी जाएगी। पलामू एसपी कपिल चौधरी ने मंगलवार को बताया कि आर्म्स एक्ट से जुड़े मामलों की समीक्षा में जिले में 851 आरोपित चिह्नित हुए हैं। अवैध हथियारों के खिलाफ चल रहे अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए यह पहल की गई है। मई 2026 तक जिले में 48 हत्याएं हुईं, जिनमें 10 से अधिक में अवैध हथियारों के इस्तेमाल की बात सामने आयी है।
पुलिस ने जुलाई-अगस्त में ऑपरेशन सफाया के तहत 30 से अधिक हथियार बरामद किए हैं। 2023 से अब तक नक्सलियों और अपराधियों के खिलाफ अभियान में 300 से अधिक हथियार जब्त किए जा चुके हैं। इनमें देसी कट्टे सबसे अधिक हैं। वर्ष 2023 में 56, 2024 में 48, 2025 में 47 और 2026 में अगस्त के पहले सप्ताह तक 35 से अधिक हथियार बरामद किए गए हैं। सभी एसडीपीओ और थाना प्रभारियों को अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया गया है।


