संताल एक्सप्रेस संवाददाता
पाकुड़। नगर थाना क्षेत्र के राजापाड़ा स्थित प्रसिद्ध जटाधारी मंदिर में सोमवार सुबह चोरी की घटना सामने आने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। मंदिर का ताला तोड़कर चोर अंदर घुसे और दो दानपात्रों को निशाना बनाया। एक दानपात्र को चोर अपने साथ ले गए, जबकि दूसरे का ताला तोड़कर उसमें रखी दान की राशि निकाल ली।सोमवार सुबह सहायक पुजारी गौरव कुमार चौबे मंदिर खोलने पहुंचे तो मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ पाया। अंदर जाकर जांच करने पर चोरी की जानकारी मिली। सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में जुट गए और नगर थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी।सूचना पर नगर थाना प्रभारी अनिल गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मंदिर परिसर तथा आसपास के इलाके की जांच की। तलाशी के दौरान मंदिर के पीछे झाड़ियों से एक छोटा दानपात्र बरामद हुआ। हालांकि, उसमें रखी राशि पहले ही निकाल ली गई थी।चोरों ने मंदिर में केवल चोरी ही नहीं की, बल्कि काफी नुकसान भी पहुंचाया। शिवलिंग के चारों ओर लगी पीतल की वेदी का फ्रेम उखाड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इससे मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं में नाराजगी और बढ़ गई।
सहायक पुजारी गौरव कुमार चौबे ने बताया कि जटाधारी मंदिर में पहले भी पांच से छह बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि इस बार चोरों ने चोरी के साथ मंदिर की संपत्ति को भी काफी नुकसान पहुंचाया है।स्थानीय लोगों ने बताया कि सावन माह के सोमवार को मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। ऐसे महत्वपूर्ण दिन मंदिर में चोरी की घटना सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर जल्द आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की मांग की है।बताया गया कि जटाधारी मंदिर पर्यटन विभाग की डी श्रेणी में शामिल है। लगातार चोरी की घटनाओं को देखते हुए स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने मंदिर में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे और रात के समय निगरानी बढ़ाने की मांग की है। पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है और चोरों की तलाश की जा रही है।


