खूंटी । धनबाद के मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 21 एवं 22 अगस्त को आयोजित तृतीय झारखंड राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में खूंटी जिले के युवा एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में खूंटी जिले के छह बालक एथलीटों ने हिस्सा लिया, जिनमें से चार खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में पदक हासिल किए। 60 मीटर रेस में श्रवण सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं भूषण राम ने 80 मीटर हर्डल्स प्रतियोगिता में तृतीय स्थान हासिल किया। हिमांशु राम ने जैवलिन थ्रो में तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया, जबकि करण साहू ने ऊंची कूद स्पर्धा में तृतीय स्थान हासिल किया।
खूंटी जिला एथलेटिक संघ के अध्यक्ष मुकेश जायसवाल ने सभी सफल खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि जिले के लिए अत्यंत सराहनीय और गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि राज्य के सभी 24 जिलों के एथलीटों ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया था। ऐसे कड़े मुकाबले के बीच खूंटी के छह खिलाड़ियों में से चार का पदक जीतना जिले की उभरती खेल प्रतिभा को दर्शाता है। खूंटी जिला एथलेटिक संघ की ओर से सभी एथलीटों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।


