एसकेएमयू में 2500 से अधिक पदों पर बंपर बहाली की तैयारी तेज, रोस्टर क्लीयरेंस का रास्ता होगा साफ
1129 शिक्षकों और 1400 से अधिक अन्य कर्मियों की जल्द होगी नियुक्ति
उच्च शिक्षा विभाग की अहम बैठक के लिए आज रांची जाएंगे कुलसचिव डॉ. अब्दुस सत्तार
नई शिक्षा नीति के अनुरूप दूर होगी स्टाफ की कमी, छात्रों को मिलेगी बेहतर शिक्षा
ब्यूरो
दुमका। सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय और इसके अंतर्गत आने वाले कॉलेजों में लंबे समय से चली आ रही शिक्षकों व कर्मचारियों की कमी अब जल्द दूर होने वाली है। विश्वविद्यालय में नवसृजित 2500 से अधिक पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। इन पदों के रोस्टर क्लीयरेंस के लिए शुक्रवार को रांची में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई है, जिसमें एसकेएमयू के कुलसचिव डॉ. अब्दुस सत्तार हिस्सा लेंगे।
—————————–
*एसकेएमयू में 1129 शिक्षक समेत 1859 नए पद सृजित*
राज्य सरकार ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत मानव संसाधन को मजबूत करने के उद्देश्य से एसकेएमयू के लिए व्यापक स्तर पर नए पदों का सृजन किया है। इन स्वीकृत पदों में 44 पदाधिकारी, 689 नॉन-टीचिंग स्टाफ, आउटसोर्सिंग के माध्यम से 697 चतुर्थ वर्गीय कर्मी और शिक्षकों के 1129 पद शामिल हैं। विश्वविद्यालय में उच्च शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए शिक्षकों के कुल पदों में 1011 सहायक प्राध्यापक, 90 एसोसिएट प्रोफेसर और 28 प्रोफेसर के पद रखे गए हैं।
—————————–
*अब सुधरेगा शैक्षणिक माहौल, नए पदों पर जल्द बहाली*
विभागीय स्तर पर जैसे ही इन नवसृजित पदों का रोस्टर क्लीयर होगा, वैसे ही विश्वविद्यालय प्रशासन बहाली की प्रक्रिया को विधिवत रूप से आगे बढ़ा सकेगा। शिक्षाविदों और युवाओं के लिए यह एक बड़ी राहत की खबर है। इस व्यापक नियुक्ति से न केवल विश्वविद्यालय का प्रशासनिक कामकाज तेज होगा, बल्कि शैक्षणिक गतिविधियों में भी भारी सुधार आएगा। पर्याप्त शिक्षकों और कर्मचारियों की मौजूदगी से सीधे तौर पर विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं और एक मजबूत शैक्षणिक माहौल मिल सकेगा।


