मुम्बई । ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या के आईपीएल टीम मुम्बई इंडियंस से मतभेदों के बीच ही जहां प्रशंसक ये अटकलें लगाने में लगे हैं कि पांड्या अगले सत्र में किस टीम से खेलेंगे। वहीं मुम्बई इंडियंस ने सोशल मीडिया पर एक बेहद रहस्यमयी पोस्ट साझा किया है। इससे हार्दिक के भविष्य को लेकर जारी संशय और गहरा गया है। मुंबई इंडियंस ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पांड्या की तीन तस्वीरें साझा की हैं, इस पोस्ट ने प्रशंसकों को और संशय में डाल दिया है।
पांड्या 2024 में गुजरात टाइटंस के साथ एक बड़े ट्रेड के बाद मुंबई इंडियंस में वापस आए थे और तभी से टीम की कप्तानी संभाल रहे हैं। उनकी कप्तानी में मुंबई 2025 सत्र में क्वालीफायर 2 तक पहुंचने में सफल रही थी पर IPL 2026 में टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और वह अंक तालिका में नौवें स्थान पर रही। इस दौरान हार्दिक का व्यक्तिगत प्रदर्शन भी उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा, जिससे उनकी कप्तानी और टीम में उनकी भूमिका पर सवाल उठने लगे थे।
मुंबई के रहस्यमयी पोस्ट के बाद, आईपीएल प्रशंसक भी दो गुटों में बंटे हुए नजर आए। एक तरफ कुछ प्रशंसक अनुमान लगा रहे हैं कि हार्दिक को चेन्नई सुपर किंग्स में जाना चाहिए, जहां वह महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व में अपनी फॉर्म वापस पा सकते हैं। वहीं, कुछ अन्य लोगों ने हार्दिक की तस्वीरों में एक तलवार जैसी वस्तु की ओर इशारा करते हुए दावा किया कि वह कोलकाता नाइट राइडर्स के वॉरियर बनने वाले हैं। जबकि, एक बड़ा वर्ग यह भी मानता है कि हार्दिक को मुंबई इंडियंस में ही बने रहना चाहिए और टीम के साथ मिलकर वापसी करनी चाहिए।


