हाजीपुर । लालगंज थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी संभाल रहे एक चौकीदार का शराब पीते और ऑर्केस्ट्रा की डांसर के साथ डांस करने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। शराबबंदी वाले बिहार में वर्दीधारी का खुलेआम शराब पीना और अश्लील हरकतें करना चर्चा का विषय बन गया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मामला लालगंज प्रखंड के मसूदन पकड़ी गांव का है। बीते दिनों यहां राजकिशोर भगत के दरवाजे पर छठी का कार्यक्रम चल रहा था। इसी कार्यक्रम में ऑर्केस्ट्रा रखा गया था। प्रसारित वीडियो में साफ दिख रहा है कि चौकीदार पहले कुछ लोगों के साथ बैठकर बीयर की बोतल खोल रहा है, फिर टेट्रा पैक से शराब पी रहा है। इसके कुछ देर बाद वही चौकीदार मंच पर डांसर लड़की के साथ खुलेआम डांस करता नजर आ रहा है। वीडियो में वह डांसर की गोद में बैठकर भी डांस करता दिख रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि वीडियो में दिख रहा चौकीदार अशोक पासवान है। वह सदर-2 सीडीपीओ कार्यालय में तैनात है और लालगंज क्षेत्र में ड्यूटी करता है। वीडियो सामने आने के बाद से गांव और आसपास के इलाकों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। बिहार में अप्रैल 2016 से पूर्ण शराबबंदी लागू है। इसके तहत शराब पीना, बेचना और रखना दंडनीय अपराध है। ऐसे में एक सरकारी कर्मी का सार्वजनिक कार्यक्रम में बैठकर शराब पीना और डांस करना दोहरे सवाल खड़े करता है। एक कानून तोड़ने का, दूसरा अपनी ड्यूटी से भटकने का। वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद स्थानीय लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि मामले की जांच कर दोषी चौकीदार पर कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि सरकारी कर्मियों में कानून का भय बना रहे।


