संताल एक्सप्रेस संवाददाता
साहिबगंज- प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर जेपीएससी/ जेएसएससी-सीजीएल परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों एवं छात्रों के साथ हुई बर्बर कार्रवाई तथा लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी झारखंड प्रदेश द्वारा 11 अगस्त मंगलवार को झारखंड बंद का आह्वान किया गया.
इसी क्रम में भाजपा साहिबगंज जिला द्वारा जिले के सभी मंडलों में सुबह 8:00 बजे से बंद कार्यक्रम आयोजित किया गया. बंद के दौरान विभिन्न बाजारों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने दुकानदारों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों से बंद को सफल बनाने की अपील की. सभी दुकानदारों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों ने बंद का समर्थन किया.साहिबगंज नगर में बंद कार्यक्रम के दौरान राजमहल विधानसभा के पूर्व विधायक अनंत कुमार ओझा ने दुकानदारों एवं आम नागरिकों से बंद को सफल बनाने की अपील की.इस अवसर पर अनंत कुमार ओझा ने कहा कि छात्र हमारे देश और राज्य का भविष्य हैं. उनके अधिकारों की आवाज उठाने पर लाठीचार्ज और दमनात्मक कार्रवाई किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी. सरकार को छात्रों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनकी आवाज दबाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए. भाजपा छात्रों के न्याय और अधिकार की लड़ाई में उनके साथ मजबूती से खड़ी है.
भाजपा साहिबगंज जिला अध्यक्ष गौतम कुमार यादव ने कहा कि जेपीएससी/ जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा में गड़बड़ी को लेकर छात्र लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं. लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग रखने वाले छात्रों पर लाठीचार्ज करना सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है. भाजपा छात्रों के साथ हुए अन्याय के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी. सरकार तत्काल छात्रों की मांगों पर सकारात्मक पहल करे और दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित करे.
उन्होंने कहा कि यह बंद किसी व्यक्ति या वर्ग के खिलाफ नहीं, बल्कि छात्रों के न्याय, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और उनके अधिकारों के समर्थन में है.
मौके पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृपानाथ मंडल, धर्मेन्द्र कुमार, नगर अध्यक्ष बिनोद कुमार चौधरी, ग्रामीण अध्यक्ष अनुराग राहुल, जिला मंत्री चांदनी देवी, धर्मेन्द्र कुमार मंडल, जयकांत वर्मा, दिनेश पांडेय, बिक्रम दास, संतोष चौधरी, संजीव पासवान, पंकज चौधरी, एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे.
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now

