पूर्वी सिंहभूम । रांची में जेपीएससी और जेएसएससी अभ्यर्थियों के विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस लाठीचार्ज और बल प्रयोग के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से आहूत झारखंड बंद का मंगलवार को जमशेदपुर में मिला-जुला असर देखने को मिला। सुबह से ही भाजपा नेता और कार्यकर्ता शहर के विभिन्न इलाकों में सड़कों पर उतर आए और दुकानदारों से अपने प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील करते नजर आए। बंद को सफल बनाने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर के अलग-अलग मंडलों में जुलूस निकाला और बाजारों का दौरा किया। मानगो बस स्टैंड और भुईयाडीह इलाके में पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां ने कार्यकर्ताओं के साथ बंद की कमान संभाली। उन्होंने दुकानदारों और वाहन चालकों से हाथ जोड़कर बंद में सहयोग करने की अपील की। वहीं, बागबेड़ा क्षेत्र में सुबोध झा कार्यकर्ताओं के साथ दुकानें बंद कराते नजर आए।
कदमा, सोनारी, जुगसलाई, बिष्टुपुर, साकची, परसूडीह और सुंदरनगर समेत कई इलाकों में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने बाजारों का दौरा कर दुकानदारों से बंद में सहयोग करने की अपील की। गोलमुरी बाजार में बंद का अपेक्षाकृत अधिक असर देखने को मिला। यहां कई दुकानदारों ने भी अपनी दुकानें बंद रखीं। भाजपा कार्यकर्ता बाजार में घूम-घूमकर व्यवसायियों से बंद को सफल बनाने की अपील करते रहे। शहर के कुछ अन्य इलाकों में भी दुकानें बंद रहीं, जबकि कई बाजारों में सामान्य दिनों की तरह कारोबार जारी रहा।
बंद के बावजूद शहर में यातायात पर व्यापक असर नहीं पड़ा। ऑटो समेत अन्य वाहन सड़कों पर सामान्य रूप से चलते नजर आए। सुबह करीब आठ बजे से भाजपा कार्यकर्ताओं के सड़कों पर उतरने के बावजूद पूर्वाह्न करीब 11 बजे तक पूरे शहर में बंद का व्यापक प्रभाव नहीं दिखा। कई इलाकों में दुकानें खुली रहीं और लोग रोजमर्रा के कामकाज के लिए घरों से निकलते रहे। भाजपा ने स्कूलों, मेडिकल दुकानों और अन्य आवश्यक सेवाओं को बंद से बाहर रखा है। अस्पतालों, एंबुलेंस और दवा दुकानों का संचालन सामान्य रखने की अपील की गई है।
इधर, बंद को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रमुख बाजारों और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। जमशेदपुर में बंद का असर इलाकावार अलग-अलग नजर आया। कहीं बाजारों में दुकानें बंद रहीं तो कहीं सामान्य कारोबार जारी रहा। इस तरह शहर में भाजपा के झारखंड बंद को फिलहाल मिला-जुला समर्थन मिलता दिखाई दिया।


