देवघर। राजकीय श्रावणी मेला के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाली महिला श्रद्धालुओं और बच्चों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रूटलाइन में 10 मातृत्व विश्राम गृह शुरू किए गए हैं। इन केंद्रों पर महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित माहौल के साथ कई आवश्यक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। गुरुवार को उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और नगर आयुक्त सुलोचना मीना ने मातृत्व विश्राम गृह का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और यहां तैनात महिला कर्मियों को सेवा भाव के साथ महिला श्रद्धालुओं और बच्चों की हरसंभव सहायता करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने बताया कि श्रावणी मेला के दौरान लाखों महिला श्रद्धालु और बच्चे जलार्पण के लिए देवघर पहुंचते हैं।
लंबी कतारों में कई घंटे तक इंतजार करने के कारण उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसी को देखते हुए रूटलाइन के 10 चिन्हित स्थानों पर मातृत्व विश्राम गृह बनाए गए हैं, ताकि महिलाओं और बच्चों को राहत मिल सके। मातृत्व विश्राम गृह में बैठने की व्यवस्था, पेयजल, बच्चों के लिए डायपर, महिलाओं के लिए सैनिटरी पैड, बिस्कुट सहित अन्य जरूरी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अलावा महिलाओं और बच्चों से जुड़ी विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। प्रत्येक केंद्र पर महिला कर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता मिल सके। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मातृत्व विश्राम गृह में पुरुषों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। इससे महिला श्रद्धालुओं और बच्चों को सुरक्षित एवं सहज वातावरण उपलब्ध कराया जा सकेगा। शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।


