श्रावणी मेले का भव्य शुभारंभ,शिवगादी धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
संताल एक्सप्रेस संवाददाता
बरहेट/साहिबगंज- साहिबगंज जिले के बरहेट के शिवगादी धाम में माहव्यापी श्रावणी मेले का शुभारंभ गुरुवार को पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे झामुमो के केंद्रीय सचिव पंकज मिश्रा, साहिबगंज के डीसी दीपक कुमार दूबे एवं पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर एवं फीता काटकर किया. उद्घाटन से पूर्व मंदिर के पंडा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सभी अतिथियों से विधिवत पूजा-अर्चना कराई.उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए पंकज मिश्रा ने कहा कि शिवगादी धाम के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि यहां रोपवे और हेलीपैड निर्माण की दिशा में पहल जारी है. इन परियोजनाओं के पूरा होने से दूर-दराज के श्रद्धालुओं के लिए शिवगादी धाम पहुंचना और अधिक सुगम होगा. उन्होंने यह भी कहा कि हरिणचरा-बरहेट सड़क निर्माण की सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं और जल्द ही इसका कार्य प्रारंभ होगा. जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी.
उन्होंने कहा कि मेले में पेयजल, प्रकाश, शौचालय सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है. यदि किसी प्रकार की अतिरिक्त आवश्यकता महसूस होती है तो प्रबंध समिति के माध्यम से जानकारी उपलब्ध कराई जाएं .ताकि शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके.उन्होंने जिला प्रशासन से अनुरोध किया कि रविवार और सोमवार को शिवगादी धाम के साथ-साथ कांवरिया मार्ग के विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएं. जिससे श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सके.
डीसी ने कहा कि जिला प्रशासन श्रद्धालुओं को हरसंभव सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. वहीं पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने कहा कि श्रावणी मेले को लेकर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है. कांवरिया पथ से लेकर शिवगादी धाम तक पुलिस बल की तैनाती की गई है. सभी संबंधित थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी.उद्घाटन समारोह से पूर्व शिवगादी प्रबंध समिति की ओर से सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया. वहीं मेले के सफल संचालन में सहयोग करने वाले कार्यकर्ताओं तथा मीडिया प्रतिनिधियों को भी समिति द्वारा सम्मानित किया गया.इस अवसर पर राजमहल एवं बरहरवा के एसडीपीओ, साहिबगंज के अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक, बरहेट के प्रखंड विकास पदाधिकारी, झामुमो युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष, सांसद प्रतिनिधि, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष, प्रखंड प्रमुख, प्रखंड सचिव तथा शिवगादी प्रबंध समिति के अध्यक्ष सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं श्रद्धालु उपस्थित थे.


