संताल एक्सप्रेस संवाददाता
राजमहल-तीनपहाड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत नीमगाछी गांव में बुधवार को 12 वर्षीय बालिका की तालाब में डूबने से मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है. जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
मिली जानकारी के अनुसार नीमगाछी गांव निवासी सुभाष चंद्र दास की 12 वर्षीय पुत्री तनु कुमारी सुबह अपने दादा को नाश्ता देने के बाद सहेलियों के साथ गांव के तालाब में नहाने गई थी. इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई. साथ मौजूद बच्चों के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद तनु को तालाब से बाहर निकाला. वही आनन फानन में परिजनों ने उसे अचेतावस्था में इलाज के लिए राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे. जहां चिकित्सक ने जांचोपरांत उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद परिवार वालों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. इधर घटना की सूचना मिलते ही तीनपहाड़ थाना पुलिस अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया. मृतका के दादा दिलीप दास और ब्रजकिशोर दास ने बताया कि तनु कक्षा 6 में गांव के ही विद्यालय में पढ़ाई करती थी. और काफी सुशील शालीनता और व्यावहारिकता थी. दो भाई-बहन में तनु छोटी थी एवं उससे बड़े एक भाई है.वही परिवार व गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.


