दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
देवघर। नगर थाना क्षेत्र में हुई चोरी की बड़ी वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए बिहार के जमुई जिले के दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के जेवर, 1.45 लाख रुपये नकद तथा पीतल और कांसा के बर्तन बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। देवघर एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने बताया कि पुरनदाहा मोहल्ला निवासी 63 वर्षीय उमेश तिवारी के लिखित आवेदन पर 18 जुलाई 2026 को नगर थाना में कांड संख्या 276/26 दर्ज किया गया था। शिकायत में अज्ञात अपराधियों पर घर में चोरी करने का आरोप लगाया गया था। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने जमुई जिले के चंद्रमंडी थाना क्षेत्र के घरवासन निवासी 55 वर्षीय राधो पासवान और जिमतपुर निवासी 42 वर्षीय मुरारी पासवान को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उनके पास से चोरी का सामान बरामद किया। बरामद सामान में चांदी जैसे दिखने वाले चेन, मठिया, पान के पत्ते, ब्रासलेट, सुपारी, पायल, सिक्के, सोने जैसे दिखने वाले दो मंगलसूत्र, एक मांगटीका, 1 लाख 45 हजार रुपये नकद तथा पीतल और कांसा के बर्तन शामिल हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दोनों गिरफ्तार आरोपी पहले भी कई संगीन मामलों में जेल जा चुके हैं। राधो पासवान के खिलाफ बोकारो, धनबाद और देवघर में डकैती, लूट, चोरी, अवैध हथियार और चोरी का सामान रखने जैसे मामलों में कई कांड दर्ज हैं। वहीं मुरारी पासवान के खिलाफ भी बिहार और झारखंड में चोरी, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास सहित कई मामलों का रिकॉर्ड है। इस कार्रवाई में नगर थाना, रिखिया थाना, कुंडा थाना सहित कई पुलिस अधिकारियों और सशस्त्र बल ने संयुक्त रूप से छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और चोरी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।


