देवघर। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देश पर बुधवार को जसीडीह रेलवे स्टेशन के आसपास स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने औचक छापेमारी की। अभियान का उद्देश्य आम लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना तथा मिलावट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना था। जांच के दौरान शांति कृष्ण दरबार नामक प्रतिष्ठान में बेचे जा रहे पनीर पर संदेह होने पर टीम ने मौके पर ही उसकी जांच की। जांच में पनीर में भारी मात्रा में स्टार्च की मिलावट पाई गई। इसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए करीब 25 किलोग्राम मिलावटी पनीर को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
पूछताछ में दुकानदार ने बताया कि पनीर की आपूर्ति रेलवे के माध्यम से होती है। उसने यह भी जानकारी दी कि यह खेप बाढ़ के बढ़ैया निवासी राजदेव यादव नामक व्यापारी द्वारा भेजी जाती है। विभाग अब सप्लायर की भूमिका की भी जांच कर रहा है। इसके बाद टीम ने अमन एजेंसी में भी औचक निरीक्षण किया। यहां भी पनीर की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं मिली। विभाग ने प्रतिष्ठान से करीब 8 से 10 किलोग्राम मिलावटी पनीर जब्त कर नष्ट करा दिया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने संबंधित दुकानदारों को कड़ी चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया कि लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। मामले में संबंधित सप्लायर और दुकानदारों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में जिलेभर में इस तरह की सघन जांच और छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा।


