देवघर संताल एक्सप्रेस:-आगामी श्रावणी मेला को लेकर सुरक्षा, यात्री सुविधाओं और समन्वय व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जसीडीह रेलवे स्टेशन का संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में आईजी रेल माईकल एस, डीआईजी रेल प्रियदर्शी आलोक, एसपी रेल मोमिल राजपुरोहित, देवघर एसपी प्रवीण पुष्कर, आसनसोल डिवीजन के कमांडेंट पवन कुमार, सीसीआर डीएसपी, एसडीपीओ देवघर, ओसी जसीडीह, रेल थाना जसीडीह के इंस्पेक्टर प्रभारी, आरपीएफ ओसी टाउन देवघर सहित रेलवे और जिला प्रशासन के कई अधिकारी शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, प्रवेश एवं निकास द्वार, यात्री प्रतीक्षालय, भीड़ नियंत्रण व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, सीसीटीवी निगरानी, पार्किंग, बैरिकेडिंग तथा आपातकालीन व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों को श्रावणी मेला के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर रेलवे, जीआरपी, आरपीएफ और जिला पुलिस के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और मेला अवधि में प्रत्येक व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


