देवघर। जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए उत्पाद विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में शनिवार को अधीक्षक उत्पाद के निर्देश पर पथरौल थाना पुलिस के सहयोग से पथरौल थाना क्षेत्र के हड़हंजा गांव में संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया। छापेमारी के दौरान अवैध महुआ शराब बनाने और उसकी बिक्री से जुड़े ठिकानों की जांच की गई। अभियान में मौके से 105 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब और शराब बनाने के लिए तैयार 800 किलोग्राम जावा महुआ बरामद किया गया। बरामद सामग्री को जब्त कर लिया गया।
कार्रवाई के दौरान बब्लू हांसदा और विनोद हांसदा को गिरफ्तार किया गया। दोनों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उत्पाद विभाग ने बताया कि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा।


