धनबाद । धनबाद रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को 13351 धनबाद–अलप्पुझा (एल्लेपी) एक्सप्रेस के रवाना होने से पहले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रेन के B-6 एसी कोच का एयर कंडीशनर खराब होने के कारण यात्रियों ने नाराजगी जताते हुए हंगामा किया। इसके बाद रेलवे ने सभी यात्रियों को कोच से उतारकर ट्रेन को दूसरे प्लेटफॉर्म पर ले जाकर मरम्मत कराई। तकनीकी खराबी दूर होने के बाद ट्रेन को दोबारा प्लेटफॉर्म संख्या-7 पर लाया गया और अपने निर्धारित समय 11:35 बजे के बजाय दोपहर 1 बजे रवाना किया गया। इस कारण ट्रेन करीब 1 घंटा 25 मिनट विलंब से चली। धनबाद से अलप्पुझा तक चलने वाली 13351 एल्लेपी एक्सप्रेस लंबी दूरी की महत्वपूर्ण ट्रेनों में शामिल है। यह ट्रेन झारखंड, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और केरल को जोड़ती है तथा बड़ी संख्या में मरीज, कामकाजी लोग और अन्य यात्री इसी ट्रेन से सफर करते हैं।
शुक्रवार को ट्रेन के B-6 एसी कोच का एयर कंडीशनर प्लेटफॉर्म पर ही काम नहीं कर रहा था। गर्मी और उमस से परेशान यात्रियों ने इसका विरोध किया और ट्रेन को समय पर रवाना करने पर सवाल उठाए। सूचना मिलने के बाद रेलवे के तकनीकी कर्मचारियों ने पूरे कोच की जांच की। मरम्मत कार्य के लिए ट्रेन को दूसरे प्लेटफॉर्म पर ले जाया गया, जहां एसी को ठीक किया गया। इसके बाद ट्रेन को वापस प्लेटफॉर्म संख्या-7 पर लाकर यात्रियों को बैठाया गया और दोपहर 1 बजे रवाना किया गया। रेलवे द्वारा कोचिंग डिपो में साफ-सफाई और तकनीकी जांच के बाद ही ट्रेनों को प्लेटफॉर्म पर लगाया जाता है, लेकिन इसके बावजूद एसी खराब मिलने से यात्रियों ने मेंटेनेंस व्यवस्था पर सवाल उठाए। एल्लेपी एक्सप्रेस प्रतिदिन धनबाद जंक्शन से सुबह 11:35 बजे प्रस्थान करती है और लगभग 2535 किलोमीटर की यात्रा तय करते हुए तीसरे दिन दोपहर 3:15 बजे केरल के अलप्पुझा स्टेशन पहुंचती है। यह ट्रेन बोकारो स्टील सिटी, रांची, हटिया, राउरकेला, झारसुगुड़ा, संबलपुर, विशाखापट्टनम, विजयवाड़ा, चेन्नई सेंट्रल, कोयंबटूर, पलक्कड़, त्रिशूर और एर्नाकुलम समेत कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरती है। इस ट्रेन के विलंब से रवाना होने के कारण यात्रियों में काफी बेचैनी देखी गई।


