आरपीएफ व अपराध रोकथाम दल की संयुक्त छापेमारी में 194 पाउच व बोतल विदेशी शराब जब्त
संताल एक्सप्रेस संवाददाता
बरहरवा –मालदा रेल मंडल के बरहरवा रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को आरपीएफ ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से विदेशी शराब की तस्करी कर रहे तीन युवकों को गिरफ्तार किया. उनके कब्जे से 194 पाउच एवं बोतल भारतीय निर्मित विदेशी मदिरा बरामद की गई. जिसकी कुल मात्रा 40.350 लीटर तथा अनुमानित कीमत 34 हजार 860 रुपये बताई गई है.
जानकारी के अनुसार आनंद विहार एक्सप्रेस के निर्धारित आगमन के समय रेल सुरक्षा बल बरहरवा के निरीक्षक संजीव कुमार के नेतृत्व में बरहरवा रेलवे स्टेशन पर विशेष छापेमारी एवं तलाशी अभियान चलाया गया. अभियान में सहायक उपनिरीक्षक अजय कुमार हांसदा, आरक्षी जितेंद्र प्रसाद यादव, अनिल कुमार साह एवं मुकेश कुमार के साथ मालदा अपराध रोकथाम दल के मोहम्मद शमीम खान तथा राजा यादव शामिल थे.तलाशी अभियान के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-1 स्थित रेल सुरक्षा बल कार्यालय के समीप तीन युवक पिट्ठू बैग लेकर ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करते हुए संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए. शक होने पर जवानों ने उन्हें रोककर बैगों की तलाशी ली. तलाशी में भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई.गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमन कुमार लखीसराय, रौशन कुमार मुंगेर तथा प्रवीण कुमार लखीसराय के रूप में हुई है. पूछताछ में तीनों ने स्वीकार किया कि बरामद बैग उनके ही हैं. हालांकि वे शराब के परिवहन या स्वामित्व से संबंधित कोई वैध अनुज्ञापत्र, परमिट अथवा प्राधिकरण प्रस्तुत नहीं कर सके.
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बरहरवा रेलवे स्टेशन से विदेशी शराब लेकर जमालपुर जा रहे थे और मुंगेर क्षेत्र में उसकी अवैध बिक्री कर आर्थिक लाभ कमाने की योजना थी.रेल सुरक्षा बल ने मौके पर विधिसम्मत प्रक्रिया का पालन करते हुए शराब जब्त कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद उन्हें बरहरवा रेल सुरक्षा बल पोस्ट लाया गया तथा अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग साहिबगंज को सूचना दी गई.
कुछ देर बाद आबकारी विभाग की टीम बरहरवा पहुंची. जिसके बाद जब्त विदेशी शराब एवं तीनों गिरफ्तार आरोपियों को विधिवत अभिस्वीकृति प्राप्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग के हवाले कर दिया गया.रेल सुरक्षा बल के निरीक्षक संजीव कुमार ने कहा कि रेलवे के माध्यम से अवैध शराब की तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


