नई दिल्ली । नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने गुरुवार देर शाम री-नीट यूजी 2026 का परिणाम घोषित कर दिया। इसके साथ ही देशभर के मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस, बीडीएस, आयुष और अन्य चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश की प्रक्रिया का रास्ता साफ हो गया है। अभ्यर्थी अपना स्कोरकार्ड आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं। इस वर्ष पेपर लीक के कारण नीट-यूजी परीक्षा दोबारा आयोजित की गई थी। री-नीट परीक्षा में भारत और विदेश के लगभग 20 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए। परीक्षा देश के 551 शहरों तथा विदेश के 14 शहरों में स्थित 5,440 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई। इनमें से 11.21 लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण कर मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पात्रता हासिल की।
एनटीए के अनुसार, इस वर्ष छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों की तुलना में बेहतर रहा। सफल अभ्यर्थियों में 58 प्रतिशत से अधिक छात्राएं हैं। छात्राओं की सफलता दर 56.8 प्रतिशत, जबकि छात्रों की सफलता दर 55.1 प्रतिशत दर्ज की गई। इस बार पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल ने 715 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से देश में पहला स्थान हासिल किया। कुल 19 अभ्यर्थियों ने 700 से अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि 138 उम्मीदवारों ने 690 से अधिक अंक हासिल किए। इनमें 93 प्रतिशत से अधिक अभ्यर्थी पहली बार परीक्षा में शामिल हुए थे और अधिकांश टॉपर्स की आयु 17 से 19 वर्ष के बीच रही।
अंकों के आधार पर 1,492 अभ्यर्थियों ने 650 या उससे अधिक, 10,160 ने 600 या उससे अधिक तथा 90,780 उम्मीदवारों ने 500 या उससे अधिक अंक प्राप्त किए। राज्यवार परिणामों में उत्तर प्रदेश से सबसे अधिक 1.7 लाख से अधिक अभ्यर्थी सफल हुए, जबकि लक्षद्वीप से 43 उम्मीदवारों ने परीक्षा उत्तीर्ण की। राज्यवार टॉपर्स में लद्दाख की जिग्मेट यांगचेन लामो, अंडमान-निकोबार के ध्रुव त्रिपाठी और लक्षद्वीप की फहमीदा अनीस शामिल हैं। श्रेणीवार सफल अभ्यर्थियों में सामान्य वर्ग के 2.91 लाख, ओबीसी-एनसीएल के 5.12 लाख, एससी के 1.59 लाख, एसटी के 63,716, ईडब्ल्यूएस के 95,026, पीडब्ल्यूबीडी के 3,666 तथा पीडब्ल्यूडी श्रेणी के 303 उम्मीदवार शामिल हैं।


