पटना । राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है। इस वर्ष परीक्षा में एक भी अभ्यर्थी 720 में 720 अंक हासिल नहीं कर सका, जिससे यह स्पष्ट है कि इस बार परीक्षा का स्तर पिछले वर्षों की तुलना में अधिक चुनौतीपूर्ण रहा। वहीं बिहार के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
– आयुष बने बिहार के टॉपर, देश में चौथा स्थान
नवादा जिले के वारिसलीगंज निवासी आयुष भालोटिया ने 710 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक (AIR)-4 हासिल की और बिहार के टॉपर बने। आयुष ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित पढ़ाई और अनुशासित दिनचर्या को दिया। उन्होंने बताया कि वे प्रतिदिन 5 से 7 घंटे स्वाध्याय करते थे और 6 घंटे की नियमित कक्षाओं पर पूरा ध्यान देते थे।
– बिहार के चार छात्रों ने बनाई टॉप-138 में जगह
इस बार बिहार के चार प्रतिभाशाली छात्रों ने देश के टॉप-138 अभ्यर्थियों में स्थान बनाया।
आयुष भालोटिया– ऑल इंडिया रैंक 4
रिया रंजन– ऑल इंडिया रैंक 6
रविकांत दीघवार– ऑल इंडिया रैंक 55
आदित्य कुमार– ऑल इंडिया रैंक 73
इन सभी छात्रों ने 690 से अधिक अंक प्राप्त कर राष्ट्रीय मेरिट सूची में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
– मेरिट सूची में बेटियों का रहा दबदबा
राष्ट्रीय स्तर पर 690 से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 138 अभ्यर्थियों में छात्राओं का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार करीब 58 प्रतिशत छात्राएं और 42 प्रतिशत छात्र टॉप-138 में शामिल हैं। इससे स्पष्ट है कि इस वर्ष मेरिट सूची में बेटियों ने बाजी मारी।
– 700 से अधिक अंक पाने वाले केवल 19 अभ्यर्थी
इस वर्ष 700 से अधिक अंक हासिल करने वाले अभ्यर्थियों की संख्या सिर्फ 19 रही, जबकि पिछले वर्षों में यह संख्या काफी अधिक थी। शिक्षा विशेषज्ञ आशुतोष झा के अनुसार, परिणाम यह दर्शाता है कि इस बार परीक्षा में उच्च अंक प्राप्त करना पहले की तुलना में कहीं अधिक कठिन रहा।
– अब शुरू होगी मेडिकल काउंसलिंग
नीट यूजी 2026 के परिणाम जारी होने के साथ ही अब एमबीबीएस, बीडीएस तथा अन्य मेडिकल एवं पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू होगी। अभ्यर्थी ऑल इंडिया कोटा और राज्य कोटा के तहत अपनी रैंक के अनुसार मेडिकल कॉलेजों का चयन करेंगे। बिहार के सफल विद्यार्थियों के लिए भी सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों में दाखिले की प्रक्रिया जल्द शुरू होने जा रही है। बहरहाल बिहार के छात्रों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने एक बार फिर साबित किया है कि राज्य के युवा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार अपनी मजबूत पहचान बना रहे हैं।


