◆साहिबगंज में सरकार खोलेगी इंजीनियरिंग कॉलेज
विशेष संवाददाता
दुमका। उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव राहुल पुरवार ने बताया कि राज्य में नौ तकनीकी शिक्षा क्लस्टर विकसित किए जा रहे हैं। इनमें से तीन क्लस्टर संताल परगना प्रमंडल में होंगे। फिलहाल एक क्लस्टर गोड्डा और दूसरा साहिबगंज में प्रस्तावित है, जबकि तीसरे क्लस्टर की योजना पर सरकार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि साहिबगंज में एक इंजीनियरिंग कॉलेज स्थापित करने का भी प्रस्ताव है। प्रधान सचिव राहुल पुरवार ने कहा कि सरकार उच्च शिक्षा संस्थानों के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की दिशा में भी तेजी से काम कर रही है। अगले दो से तीन वर्षों में नए भवनों और अन्य आधारभूत सुविधाओं का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। समीक्षा बैठक में उन्होंने विश्वविद्यालय के अधिकारियों को सभी लंबित निर्माण एवं विकास परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए।


