मुंबई । क्रिकेटर श्रेयस अय्यर की बहन श्रेष्ठा अय्यर ने हाल ही में आईपीएल 2026 से जुड़े एक वीडियो के बाद मिली भयानक धमकियों का खुलासा किया है। नेटफ्लिक्स के रियलिटी शो लॉकअप से बाहर होने के बाद सिद्धार्थ कन्नन के एक पॉडकास्ट में अपनी यात्रा और जीवन के बारे में बात करते हुए, श्रेष्ठा ने बताया कि कैसे उन्हें रेप और जान से मारने की धमकियां मिलनी शुरू हो गई थीं। इस दर्दनाक अनुभव को साझा करते हुए श्रेष्ठा अपने आंसू नहीं रोक पाईं। श्रेष्ठा अय्यर ने कहा कि उनके वीडियो बनाने का इरादा किसी को ठेस पहुंचाना नहीं था। उन्होंने खुद को श्रेयस की सबसे बड़ी समर्थक बताते हुए कहा कि जब वह अपने भाई को सपोर्ट करती हैं तो सब कुछ भूल जाती हैं। यह विवादित वीडियो पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के एक मैच के दौरान बनाया गया था। 2026 में, बारिश के कारण केकेआर और पंजाब का एक मैच रद्द हो गया था, जिससे केकेआर को एक अंक मिल गया था। यह उस आईपीएल सीजन में केकेआर का पहला अंक था। इसी मौके पर श्रेष्ठा ने एक वीडियो में कहा था, साडे पंजाबियों दा दिल वड्डा हुंदा ए। लो दित्ता एक प्वाइंट। उनका कहना है कि उन्होंने अपने भाई की टीम की हर जीत के बाद डांस वीडियो बनाए थे और इस मैच के लिए भी यही किया था। उनका मानना है कि लोगों ने इसे गलत तरीके से लिया।
श्रेष्ठा ने बताया कि केकेआर के फैंस ने उनके वीडियो को इतनी गलत तरीके से समझा कि उन्हें भारी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। लोग उनके लुक्स का मजाक उड़ा रहे थे और उन्हें रेप और जान से मारने की धमकियां दे रहे थे। उन्होंने भावुक होकर कहा, आपको लगता है कि उस वीडियो की वजह से इतनी नफरत कोई डिजर्व करता है? श्रेष्ठा उस वक्त दुबई में अकेली रह रही थीं, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई थी। उन्होंने बताया कि उनके वर्कप्लेस पर दुबई में रात 3 बजे फोन आते थे, जिसमें उन्हें घटिया इंसान कहा जाता था और ब्लैक मैजिक कर उनकी जिंदगी खराब करने की धमकियां दी जाती थीं। इन धमकियों और नफरत से बचने के लिए श्रेष्ठा को अपना कमेंट सेक्शन और अनजान लोगों से आने वाले मैसेज बंद करने पड़े। उन्होंने जोर देकर कहा कि वीडियो में उन्होंने किसी को कुछ गलत नहीं कहा था, न ही किसी को गाली दी थी। इसके बावजूद लोगों ने यह नहीं समझा कि यह सिर्फ एक खेल है और इस तरह की प्रतिक्रिया दी। अपने आंसुओं को रोकते हुए श्रेष्ठा ने साझा किया कि उन्हें सीधे मैसेज आए थे, जिनमें लिखा था, तुम कोलकाता आओ तुम्हें वापस जिंदा नहीं भेजेंगे। दुबई में अकेले होने के कारण यह धमकी उनके लिए और भी डरावनी साबित हुई।


