एआई अब स्मार्टफोन उपयोग का अभिन्न हिस्सा बना
नई दिल्ली । आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) अब केवल स्मार्टफोन का एक अतिरिक्त फीचर नहीं है, बल्कि उपभोक्ताओं के खरीदारी के फैसले को प्रभावित करने वाला प्रमुख कारक बन रहा है। एक नई रिपोर्ट के मुताबिक 68 फीसदी उपभोक्ता नया स्मार्टफोन खरीदते समय एआई फीचर्स को ज्यादा प्राथमिकता देते हैं। वहीं 82 फीसदी लोगों का मानना है कि डेटा प्रबंधन में पारदर्शिता और गोपनीयता का भरोसा भी खरीदारी के फैसले में अहम भूमिका निभाता है।
रिपोर्ट के मुताबिक 61 फीसदी उपभोक्ताओं का मानना है कि ऑन-डिवाइस एआई प्रोसेसिंग स्मार्टफोन की गति और प्रतिक्रिया क्षमता को बेहतर बनाती है। इसके साथ ही यह उपयोगकर्ताओं के डेटा को ज्यादा सुरक्षित रखने में भी मदद करती है। यही कारण है कि अब उपभोक्ता ऐसे स्मार्टफोन को प्राथमिकता दे रहे हैं, जिनमें एआई तकनीक बेहतर प्रदर्शन और सुरक्षा के साथ उपलब्ध हो।
सर्वेक्षण में शामिल 78 फीसदी लोगों ने बेहतर परफॉर्मेंस को स्मार्टफोन की सबसे अहम विशेषता बताया है, जबकि 70 फीसदी उपभोक्ताओं ने एआई से लैस कैमरा फीचर्स को अपनी प्राथमिकता माना है। वहीं 59 फीसदी लोगों का कहना है कि मजबूत एआई क्षमताएं उनके खरीदारी के फैसले को प्रभावित करती हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि एआई ने अब डिजाइन, कीमत और बैटरी लाइफ जैसे पारंपरिक मानकों को भी पीछे छोड़ना शुरू कर दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक यदि समान कीमत वाले दो स्मार्टफोन में से किसी एक का चयन करना हो तो 60 फीसदी लोग ऐसे डिवाइस को चुनना पसंद करेंगे, जिसमें दमदार हार्डवेयर और आधुनिक एआई फीचर्स हों। वहीं 25 फीसदी लोग एआई को सबसे ज्यादा महत्व देते हैं, जबकि केवल 15 फीसदी उपभोक्ता ऐसे हैं जो आज भी हार्डवेयर को ही सबसे अहम मानते हैं।
रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि 57 फीसदी उपभोक्ता एआई फीचर्स को अच्छी तरह समझते हैं और उनका नियमित इस्तेमाल करते हैं, जबकि 43 फीसदी लोग इन सुविधाओं का सीमित इस्तेमाल करते हैं। सक्रिय एआई उपयोगकर्ताओं में 49 फीसदी ऐसे हैं जो पांच या उससे ज्यादा एआई फीचर्स का नियमित इस्तेमाल करते हैं, 41 फीसदी मध्यम स्तर के उपयोगकर्ता हैं और 10 फीसदी लोग केवल जरुरत पड़ने पर ही एआई सुविधाओं का इस्तेमाल करते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यही मध्यम वर्ग भविष्य में एआई तकनीक अपनाने की सबसे बड़ी संभावनाएं रखता है।
रिपोर्ट के मुताबिक 77 फीसदी उपभोक्ता एआई आधारित कैमरा फीचर्स जैसे कम रोशनी में बेहतर फोटोग्राफी, पोर्ट्रेट ऑप्टिमाइजेशन और इंटेलिजेंट सीन डिटेक्शन का नियमित इस्तेमाल करते हैं। वहीं 71 फीसदी उत्तरदाता सप्ताह में कई बार जनरेटिव एआई सुविधाओं का इस्तेमाल करते हैं, जिनमें एआई सर्च, कंटेंट समरी, लेखन सहायता, अनुवाद और संवाद आधारित इंटरफेस जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इससे स्पष्ट है कि एआई अब स्मार्टफोन उपयोग का अभिन्न हिस्सा बन चुका है और भविष्य में इसकी भूमिका और ज्यादा मजबूत होने की संभावना है।


