झाड़ियों में चल रहा था नशे का खेल, पुलिस ने घेराबंदी कर तीन युवकों को दबोचा
4.49 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तीन सगे मददगार भेजे गए जेल
हथियार और ड्रग्स तस्करी का पुराना खिलाड़ी मुमताज साथियों संग गिरफ्तार: एसडीपीओ
ब्यूरो
दुमका । जिले में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता मंगलवार को हासिल की है। पुलिस ने पगवारा पहाड़ के पास छापेमारी कर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री और सेवन करते हुए तीन युवकों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में हत्या और आर्म्स एक्ट जैसे संगीन मामलों का आरोपी कुख्यात मुनताज अंसारी उर्फ लखपतिया भी शामिल है।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि दुमका के पुलिस अधीक्षक को 14 जुलाई को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम पगवारा पहाड़ के पास कुछ युवक छिपकर अवैध मादक पदार्थ का धंधा कर रहे हैं। इस पुख्ता सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसडीपीओ जरमुंडी नवल किशोर सिंह के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
दोपहर करीब 14:20 बजे जब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, तो वहां किनारे झाड़ियों के पास बैठे तीन युवक पुलिस की गाड़ी देखते ही भागने लगे। पुलिस बल ने मुस्तैदी दिखाते हुए उन्हें खदेड़ कर धर दबोचा। पूछताछ में पुलिस को देखकर भागने का कोई संतोषजनक जवाब न मिलने पर जब उनकी तलाशी ली गई, तो उनके पास से अवैध ब्राउन शुगर बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हंसडीहा थाना क्षेत्र के सिंघनी ग्राम निवासी मुनताज अंसारी उर्फ लखपतिया (27 वर्ष), रिजवान अंसारी (29 वर्ष) और फिरोज अंसारी उर्फ ठेपुआ (26 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के लिए मुनताज अंसारी की गिरफ्तारी एक अहम कामयाबी मानी जा रही है। इस शातिर अपराधी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और उस पर हंसडीहा, मोहनपुर और पोड़ैयाहाट थानों में हत्या, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत कई संगीन मामले पहले से ही दर्ज हैं।
तलाशी के दौरान पुलिस ने तीनों के पास से पुड़िया में रखा ब्राउन शुगर बरामद किया है। इसमें मुनताज के पास से 1.91 ग्राम, रिजवान के पास से 1.34 ग्राम और फिरोज के पास से 1.24 ग्राम ब्राउन शुगर (कागज सहित) जब्त किया गया।
पुलिस ने विधिवत जब्ती सूची बनाकर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है और तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है। इस सफल छापेमारी अभियान में जरमुंडी एसडीपीओ नवल किशोर सिंह, हंसडीहा प्रभाग की पुलिस निरीक्षक प्रियंका आनन्द, थाना प्रभारी अजित कुमार यादव, अनुसंधानकर्ता जिम्मी हांसदा, दिलीप हांसदा समेत कई पुलिस जवान और होमगार्ड शामिल थे।


