जामताड़ा को 5-0 से रौंदकर राज्य स्तर के लिए किया क्वालीफाई
दुमका। रिमझिम फुहारों के बीच मंगलवार को दुमका के मसलिया रोड स्थित कमार दुधानी आउटडोर स्टेडियम में अंडर-17 बालिकाओं की 65वीं प्रमंडल स्तरीय अंतरराष्ट्रीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता का शानदार समापन हुआ। झारखंड शिक्षा परियोजना दुमका के तत्वावधान में आयोजित इस टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में दुमका जिले का प्रतिनिधित्व कर रही श्री रामकृष्ण आश्रम की टीम ने एकतरफा खेल दिखाते हुए जामताड़ा को 5-0 के भारी अंतर से परास्त कर दिया। इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही दुमका की टीम ने राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए संताल परगना प्रमंडल का टिकट पक्का कर लिया है।
फाइनल मुकाबले में दुमका की लड़कियों ने शुरू से ही आक्रामक रुख अपनाया। मध्यांतर तक दुमका की टीम 3-0 की मजबूत बढ़त बना चुकी थी। दूसरे हाफ में भी जामताड़ा की टीम को वापसी का कोई मौका नहीं मिला और दुमका ने दो और गोल दागकर खिताब पर पूरी तरह से कब्जा जमा लिया। दुमका की जीत की नायिका प्रिया किस्कू और लीना हेंब्रम रहीं, जिन्होंने शानदार खेल दिखाते हुए दो-दो गोल दागे। वहीं, एक गोल मेरी हांसदा के बूट से निकला। श्री रामकृष्ण आश्रम उच्च विद्यालय के खेल शिक्षक सुमन कुमार ने अपनी टीम के बेहतरीन प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए राज्य स्तर पर भी इसी लय को बरकरार रखने की उम्मीद जताई है।
इससे पहले तीसरे स्थान के लिए देवघर और गोड्डा के बीच बेहद रोमांचक और संघर्षपूर्ण मुकाबला खेला गया। निर्धारित समय तक दोनों ही टीमें एक-दूसरे के डिफेंस को भेदने में नाकाम रहीं और कोई गोल नहीं हो सका। अंततः परिणाम के लिए पेनल्टी शूटआउट का सहारा लिया गया, जिसमें गोड्डा ने देवघर को 1-0 के अंतर से हराकर प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल किया।
लीग मैचों के सफर पर नजर डालें तो पूल ‘ए’ में दुमका का पूरी तरह से दबदबा रहा था। दुमका ने देवघर को 5-0 और साहिबगंज को 3-0 से हराया था, जबकि देवघर ने साहिबगंज को 1-0 से मात दी थी। इस तरह पूल ‘ए’ से दुमका और देवघर ने सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। वहीं, पूल ‘बी’ में जामताड़ा ने गोड्डा को 1-0 से हराया, गोड्डा ने पाकुड़ को 3-0 से शिकस्त दी और जामताड़ा-पाकुड़ का मैच बराबरी पर छूटा था। इस पूल से जामताड़ा और गोड्डा ने सेमीफाइनल का सफर तय किया था।
टूर्नामेंट के समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस पूरी प्रतियोगिता के सफल आयोजन में झारखंड शिक्षा परियोजना दुमका के सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी विभाष चंद्र महतो, शिक्षक मदन कुमार समेत शारीरिक शिक्षक अमित कुमार, ज्ञान प्रकाश ठाकुर, मोहम्मद मोइन अंसारी, कुमार नवनीत, दीपांकर कुमार मंडल, सुमन कुमार, पप्पू कुमार यादव, काजल हाजरा, रामानंद घोष, शिवराम सिमोन टुडू, आशीष हेंब्रम, जोसेफ मुर्मू, प्रीतम मरांडी, राजेश कुमार, सचिन कुमार, सुहागिनी मुर्मू, संतोष कुमार पटेल, देवीलाल मुर्मू, एग्नियस टुडू, असीम हेंब्रम, पिंटू मुर्मू, सुमित राय और अरका घोष सहित अन्य खेल पदाधिकारियों एवं शिक्षकों की अहम और सराहनीय भूमिका रही।


