पलामू । पलामू के मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के रजवाडीह में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत हो गई। मृतका की पहचान 25 वर्षीय मनीषा देवी, पति मिथलेश साव के रूप में हुई है। घटना सोमवार रात की बताई जा रही है। मंगलवार सुबह शव का पोस्टमार्टम किया गया। स्थानीय लाेगाें के अनुसार मनीषा उर्फ चंचला देवी की शादी अप्रैल 2025 में रजवाडीह निवासी मिथलेश साव के साथ हुई थी। शादी के करीब एक वर्ष बाद ही उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका का लगभग दो माह का एक बच्चा भी है। बताया जा रहा है कि मनीषा के पति मिथलेश साव रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर काम करते हैं और घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे।
मृतका के मायका लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के पुरानी पतरा गांव में है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मनीषा के ससुराल पहुंचे जहां मनीषा की मौत हो गई थी। परिजनों का आरोप मनीषा खुदकुशी नहीं कर सकती है, उसे मार कर फंदे से लटका दिया गया है।
मायके पक्ष ने इस मामले में मनीषा के देवर, सास, ससुर और ननद पर हत्या में संलिप्त होने का आरोप लगाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


