7 विकेट लेने वाली क्रांति प्लेयर ऑफ द मैच
लंदन । लॉड्र्स क्रिकेट ग्राउंड के 142 साल के इतिहास में पहली बार खेला गया महिला टेस्ट भारतीय टीम ने जीत लिया। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारत ने इंग्लैंड को 270 रन से हरा दिया। भारतीय टीम बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों विभागों में मेजबान टीम पर भारी पड़ी। रनों के लिहाज से यह भारतीय महिला टीम की दूसरी सबसे बड़ी टेस्ट जीत रही। इससे पहले टीम ने 2023 में इंग्लैंड को ही 347 रन से हराया था। भारत को आज तक इंग्लैंड में महिला टेस्ट में हार नहीं मिली है। टीम ने यहां अब तक 11 टेस्ट खेले हैं, जिनमें 3 जीते हैं, जबकि 8 मुकाबले ड्रॉ रहे।
भारत ने पहली पारी में 285 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड 170 पर सिमट गई। भारत को 115 रन की बढ़त मिली। भारत ने दूसरी पारी 341 रन पर घोषित की और 457 रन का टारगेट दिया। इंग्लैंड 186 पर ऑलआउट हो गई।
युवा तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पहली पारी में 5 विकेट झटके। वहीं दूसरी पारी में उन्होंने 2 विकेट लिए। उनके इस प्रदर्शन पर उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस मुकाबले में क्रांति गौड़ ने दोनों पारियों को मिलाकर कुल 7 विकेट झटके और लॉड्र्स में 5 विकेट हॉल लेने वाली पहली महिला गेंदबाज बनने का गौरव हासिल किया। उनका नाम प्रतिष्ठित लॉड्र्स ऑनर्स बोर्ड में भी दर्ज हो गया। वहीं यास्तिका भाटिया लॉड्र्स में टेस्ट शतक लगाने वाली पहली महिला क्रिकेटर बनीं। स्मृति मंधाना ने दोनों पारियों में अर्धशतक लगाकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई। भारतीय महिला टीम की यह जीत केवल एक बड़ी जीत नहीं, बल्कि महिला क्रिकेट के इतिहास में एक यादगार उपलब्धि के रूप में दर्ज हो गई है।


