मुखिया ने पंचायत सचिव का कॉलर पकड़कर जमकर लगाई फटकार
संताल एक्सप्रेस संवाददाता
बोरियो- प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 में अयोग्य आवेदकों को ग्राम सभा में योग्य बनाकर योग्य लाभुकों का नाम काटने का मामला प्रकाश में आया है. मामला बोरियो प्रखंड के बांझी संथाली पंचायत का है. ग्रामीणों ने पंचायत सचिव परमानंद मंडल को पंचायत भवन में करीब 2 घंटे तक घेराव कर हंगामा किया. पंचायत सचिव ने मुखिया के समक्ष लिखित रूप से माफी मांग कर मामले को शांत कराया. ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत सचिव परमानंद मंडल व पंचायत सहायक राजेश रजवार ने लगभग 70 योग्य आवेदकों का नाम ग्राम सभा पंजी में अयोग्य कर दिया. जबकि अयोग्य आवेदकों को योग्य बना दिया है.ग्रामीणों ने बताया कि ऑनलाइन सर्वे के बाद कुल 487 लाभुकों का सूची तैयार किया गया था. जिसमें से 70 पात्र लाभुकों का नाम हटा दिया गया. जबकि अयोग्य लाभुकों का नाम नही हटाया गया. पंचायत सहायक राजेश रजवार ने अपनी पत्नी को ग्राम सभा पंजी में योग्य बना दिया. ग्रामीणों के मुताबिक हटाये गए 70 लाभुकों में 20 लाभुक ऐसे है जिन्हें आवास का लाभ मिलना अति आवश्यक है.लाभुकों के नाम हटाये जाने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुखिया मयबिटी बेसरा के साथ पंचायत भवन पहुंच कर पंचायत सचिव परमानंद मंडल को घेर कर दो घंटो तक हंगामा किया. इस दौरान मुखिया ने पंचायत सचिव का कॉलर पकड़ कर जमकर फटकार लगाई.
मुखिया ने कहा कि किसके अनुमति से लाभुको का नाम काटा गया है. ग्राम सभा पंजी में मुखिया का बगैर हस्ताक्षर से लाभुकों को योग्य और अयोग्य कर दिया गया है. जबकि ग्राम सभा का अध्यक्ष मुखिया के हस्ताक्षर के बिना किसी का नाम नही हटाया जा सकता है. ग्रामीणों ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 का ऑनलाइन सर्वे करने के दौरान पंचायत सहायक राजेश रजवार ने 2-2 हजार रुपया वसूली किया था. सर्वे के बाद सूची में नाम आने पर राजेश रजवार ने ग्राम सभा में योग्य लाभुक बनाने के एवज में 5-5 हजार रुपये का मांग किया. मांगे गए राशि नही देने वाले लाभुकों को ग्राम सभा पंजी में अयोग्य बना दिया. ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि विश्व पर्यावरण दिवस के दिन ग्रामीणों को पंचायत भवन बुलकर ग्राम सभा पंजी में हस्ताक्षर करा लिया. इस मामले में मुखिया मयबिटी बेसरा ने बताया कि ग्राम सभा पंजी में कहीं उनका हस्ताक्षर या टिप निशान नही है.इसके बाबजूद आवास योजना के लाभुक सूची के साथ छेड़छाड़ कर योग्य को अयोग्य बना दिया है. वही पंचायत सचिव परमानंद मंडल ने कहा कि भूलवश कुछ योग्य लाभुकों को अयोग्य कर दिया गया है. मानवीय भूल हो सकता है. लेकिन मुखिया जी को कॉलर नही पकड़ना चाहिए था. वही ग्रामीणों ने पंचायत सहायक राजेश रजवार को पदमुक्त करने का मांग किया है.


