पलामू । पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के रबदा गांव में सोमवार सुबह एक चाचा ने नाबालिग भतीजे की चाकू मारकर हत्या कर दी। आरोपित को घटना के कुछ घंटे बाद घटनास्थल से 5 किलोमीटर दूर कुमनी जंगल से गिरफ्तार किया गया। घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। बच्चे की पहचान रोशन बैठा ( 13) पिता साधु बैठा के रूप में हुई है। आरोपित चाचा अनिल बैठा है। एक साल पहले अनिल के बेटे की मौत हो गई थी। अनिल को आशंका थी कि रोशन की दादी समुद्री देवी (उसकी चाची) ने भूत प्रेत लगाकर उसके बेटे को मार डाला है। इसी संदेह में अचानक मौका पाकर घटना को अंजाम दिया। रोशन मां-बाप का एकलौता पुत्र था। घटना सुबह 6:30 बजे के आसपास हुई।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार सुबह उठने के बाद रोशन घर के पास खेल रहा था। मौका देखकर अचानक अनिल बैठा वहां पहुंचा और बच्चे को पकड़कर घर से 500 मीटर दूर खेत के पास ले गया। अनिल अपने चेहरे को कपड़े से बांधे हुए था। अनिल ने रोशन के पेट और पीठ के हिस्से को पहले चाकू से गोदा और गला दबाकर हत्या कर दी। इस वारदात को अंजाम देते कई ग्रामीणों ने देखा और पीड़ित परिवार को जानकारी दी घटना को अंजाम देने के बाद अनिल मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर जिला मुख्यालय से डीएसपी राजेश यादव और थाना से अवर निरीक्षक बाबूलाल दुबे मौके पर पहुंचे और घटना की जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना मिलने के बाद से थाना प्रभारी लाल जी आरोपित को गिरफ्तार करने के लिए संभावित जगहों पर छापामारी की। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित घटनास्थल से पांच किलोमीटर दूर कुमनी जंगल छिपा हुआ था। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ( एमएमसीएच) में भेज दिया गया है।


