नवादा । बिहार के नवादा जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। विधवा पेंशन की राशि निकालने बैंक पहुंची एक महिला के खाते में अचानक 740 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दिखाई देने लगी। खाते में इतनी बड़ी रकम देखकर महिला की तबीयत बिगड़ गई, जबकि बैंक कर्मचारी भी हैरान रह गए। फिलहाल बैंक प्रबंधन ने इसे तकनीकी गड़बड़ी मानते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, नवादा शहर के वार्ड संख्या-28 स्थित नीम टोला निवासी रेखा देवी, जो स्वर्गीय उदय नारायण पांडे की पत्नी हैं, बिहार पेंशन दिवस के अवसर पर अपनी ₹1,100 की विधवा पेंशन निकालने बैंक पहुंची थीं। राशि निकासी के बाद उन्होंने अपने खाते का शेष बैलेंस जानना चाहा। जब बैंक कर्मियों ने उनका खाता जांचा तो उसमें 740 करोड़ 68 लाख 72 हजार 895 रुपये की राशि दिखाई दी। स्क्रीन पर इतना बड़ा बैलेंस देखकर पहले तो बैंक कर्मचारी भी अवाक रह गए।
कई बार दोबारा जांच करने पर भी हर बार वही राशि दिखाई देती रही। यह देखकर रेखा देवी घबरा गईं और उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने उन्हें संभाला और घर ले गए। फिलहाल उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है। रेखा देवी ने बताया कि वह हृदय रोग की मरीज हैं और उन्होंने जीवन में कभी इतनी बड़ी रकम नहीं देखी।
खाते में करोड़ों रुपये का बैलेंस देखकर उन्हें डर लगने लगा कि कहीं इस वजह से उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। घटना की जानकारी मिलते ही बैंक परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों के बीच इस असामान्य बैलेंस को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि बैंक अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी। बैंक प्रबंधन का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला तकनीकी त्रुटि का प्रतीत हो रहा है। संभवतः बैंकिंग सिस्टम में आई किसी गड़बड़ी के कारण खाते में गलत राशि प्रदर्शित हुई। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जांच पूरी होने के बाद वास्तविक स्थिति स्पष्ट कर दी जाएगी और ग्राहक को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।


