मुंबई । टेलीविजन अभिनेता रोहित चंदेल को 16 वर्षीय नाबालिग लड़की का कथित रूप से पीछा करने, बार-बार फोन कर परेशान करने, उत्पीड़न करने और मारपीट करने के आरोप में मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अभिनेता के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम के साथ-साथ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, 29 वर्षीय रोहित चंदेल को शुक्रवार को दहिसर स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया गया। बाद में उन्हें विशेष पॉक्सो अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया। रोहित चंदेल टीवी धारावाहिक कशीबाई बाजीराव बल्लाल में बाजीराव और पांड्या स्टोर में धवल मकवाना की भूमिका निभाने के लिए जाने जाते हैं। पूर्वी उपनगर की रहने वाली एक महिला द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, आरोपी अभिनेता कथित तौर पर 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को अपने मोबाइल नंबर और अन्य कई नंबरों से लगातार फोन कर परेशान करता था।
शिकायत में कहा गया है कि इससे लड़की मानसिक रूप से परेशान हो गई थी। शिकायत के मुताबिक, 5 जुलाई को आरोपी ने लड़की के आवासीय परिसर के पास उसका रास्ता रोका, उसका पीछा किया, उससे बहस की, अभद्र भाषा का प्रयोग किया और हाथों से मारपीट की। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और पीड़िता एक-दूसरे को पहले से जानते थे। शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पंत नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम के अलावा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 78 (पीछा करना/स्टॉकिंग) और धारा 115(2) (चोट पहुंचाने) के तहत भी मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


