पलामू । नीलगाय से बचने के लिए एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर पुलिया की रेलिंग से टकरा गई, जिससे बाइक पर सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो जख्मी हो गए। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई गई है, जबकि एक पूरी तरह ठीक है। गढ़वा जिले के रमकंडा थाना क्षेत्र के चोरवा सेमर पुलिया पर शुक्रवार रात घटना हुई। युवक की मौत मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान शनिवार सुबह हुई। सुबह 11 बजे परिजनों ने घटना की जानकारी दी।
मृतक की पहचान रामगढ़ के करमा गांव निवासी 19 वर्षीय बोधन परहिया के रूप में हुई है। जख्मी में रमकंडा थाना क्षेत्र के गोरे करम निवासी रितेश परहिया और चंदन परहिया हैं। रितेश को गंभीर हालत में इलाज के लिए डॉ अरुण शुक्ला के अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि चंदन की स्थिति ठीक है और उसका गांव में ही इलाज किया गया। जानकारी के अनुसार बोधन, रितेश और चंदन एक बाइक पर सवार होकर उदयपुर के साप्ताहिक बाजार आए थे।
शुक्रवार देर शाम सभी लौट रहे थे। रात 8 बजे के आसपास चोरवा सेमर पुलिया के पास अचानक नीलगाय आ गई। अचानक नीलगाय को देखकर बाइक अनियंत्रित हो गई और पुलिया की रेलिंग से टकरा गई। हादसे में बोधन और रितेश की गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को इलाज के लिए मेदिनीनगर लाया गया। बोधन का इलाज एमएमसीएच में चला, जबकि रितेश को डॉक्टर अरुण शुक्ला के अस्पताल में भेजा गया। घटना की जानकारी मिलने पर देर रात एमएमसीएच में पहुंचे बोधन के बहनोई रमकंडा के गोरे करम निवासी उदय कुमार परहिया ने बताया कि बचपन से ही बोधन उसके घर रह रहा था। दो दोस्तों के साथ शुक्रवार शाम उदयपुर बाजार गया था। अचानक हादसे से की जानकारी मिली। रात में ही यहां पहुंच गए थे। इलाज के बाद भी बोधन की जान नहीं बची। उदय ने बताया कि बाइक चलाते समय चालक ने हेलमेट नहीं पहना था।


