मसलिया । मसलिया प्रखंड के सांपचला स्थित आईटीआई कॉलेज भवन में संचालित कौशल विकास केंद्र में फूड पॉयजनिंग की घटना के बाद अब सभी प्रशिक्षुओं की स्थिति सामान्य है। घटना को गंभीरता से लेते हुए आरवीएस स्किल अकैडमी के राष्ट्रीय प्रमुख रामकृष्ण लोधा ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की। समिति के सदस्य राहुल कुमार सिंह, चंदन गुप्ता एवं असीम सेन गिरी ने हॉस्टल, मेस और कैंटीन की जांच कर अपनी रिपोर्ट सौंपी।
जांच में लापरवाही सामने आने पर मेस के दो कर्मचारियों की सेवा तत्काल समाप्त कर दी गई तथा उनके स्थान पर नए कर्मियों की नियुक्ति की गई। वहीं कैंटीन संचालक बसु मांझी को कारण बताओ नोटिस जारी कर लिखित स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है। साथ ही कैंटीन में स्वच्छ एवं हाइजीनिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा समिति का गठन किया गया है। इस समिति में केंद्र प्रबंधक, पुरुष वार्डन, महिला वार्डन, एक छात्र और एक छात्रा को शामिल किया गया है। समिति हॉस्टल व मेस का नियमित एवं आकस्मिक निरीक्षण करेगी, भोजन की गुणवत्ता, पोषण, स्वच्छता, खाद्य सामग्री के भंडारण, समाप्ति तिथि तथा भोजन बनाने वाले कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता की निगरानी करेगी। इसके अलावा विद्यार्थियों से समय-समय पर फीडबैक लेकर किसी भी अनियमितता की सूचना प्रबंधन को देगी तथा प्रत्येक निरीक्षण की लिखित रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। इधर, उपायुक्त दुमका के निर्देश पर जिला खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। मंगलवार को जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डेजी नीलिमा तिग्गा एवं अंजना रानी मिंज ने कैंटीन पहुंचकर भोजन के नमूने एकत्र किए और उन्हें प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिया। अधिकारियों ने बताया कि लगभग 20 दिनों में जांच रिपोर्ट प्राप्त होगी, जिसके बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि भोजन की गुणवत्ता में कोई कमी थी या नहीं। संस्था ने कहा कि विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


