दुमका। दुमका के कन्वेंशन सेंटर में मंगलवार को संताल लाहन्ती बाईसी एवं छात्र समन्वय समिति के संयुक्त तत्वावधान में प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, समाजसेवा और सांस्कृतिक संरक्षण का अनूठा संगम देखने को मिला। विभिन्न क्विज प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को शॉल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। समारोह में वक्ताओं ने शिक्षा के साथ अपनी भाषा, संस्कृति और परंपरा के संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेवी सनातन मरांडी, एसपी कॉलेज दुमका के प्राचार्य डॉ. केपी यादव, जिला परिषद उपाध्यक्ष सुधीर मंडल, चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष मुस्ताक अली उर्फ खोखन दा, सचिव डॉ. मनोज घोष तथा संताल लाहन्ती बाईसी के संरक्षक इनुसेंट सोरेन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि सनातन मरांडी ने कहा कि आज के छात्र ही देश और समाज का भविष्य हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ अपनी मातृभाषा, संस्कृति और परंपराओं को भी सहेजकर रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संताल लाहन्ती बाईसी युवाओं को अपनी पहचान से जोड़ने का सराहनीय कार्य कर रही है।
एसपी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. केपी यादव ने कहा कि मंच पर मौजूद छात्र-छात्राओं की प्रतिभा यह साबित करती है कि दुमका शिक्षा और सांस्कृतिक क्षेत्र में लगातार नई पहचान बना रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
जिला परिषद उपाध्यक्ष सुधीर मंडल ने कहा कि सरकार के साथ-साथ सामाजिक संस्थाओं की भी जिम्मेदारी है कि वे मेधावी छात्रों का उत्साहवर्धन करें। वहीं चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष मुस्ताक अली उर्फ खोखन दा ने कहा कि शिक्षित और संस्कारित युवा ही समाज और राष्ट्र की वास्तविक ताकत होते हैं।
संताल लाहन्ती बाईसी के संरक्षक इनुसेंट सोरेन ने कहा कि संस्था का उद्देश्य संताल समुदाय के बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ते हुए उनकी प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करना है। सचिव डॉ. मनोज घोष ने शिक्षा के साथ सांस्कृतिक चेतना के विकास पर बल देते हुए कहा कि यही संतुलन समाज को मजबूत बनाता है।
कार्यक्रम का संचालन छात्र समन्वय समिति के सदस्यों ने किया। समारोह के अंत में अतिथियों ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें नई ऊंचाइयों तक पहुंचने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर छात्र नेता डॉ. श्याम देव हेंब्रम, राजीव बास्की, ठाकुर हांसदा, मनवेल सोरेन, बिमल टुडू, राजेंद्र मुर्मू, जूलियस सोरेन, उपेंद्र मरांडी, मनोज सोरेन, सूरज हेंब्रम, राजेश टुडू सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


