महिला किसानों की मेहनत रंग लाई, पहली बार एक टन आम की खेप अंतरराष्ट्रीय बाजार पहुंची
देवघर। जिले में उगाया गया आम्रपाली आम अब अपनी मिठास से अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी पहचान बना रहा है। जिले से विशेष पैकेजिंग के साथ भेजी गई एक टन यानी 1000 किलोग्राम आम्रपाली आम की पहली खेप दुबई के प्रसिद्ध लुलु रिटेल स्टोर में बिक्री के लिए पहुंच गई है।
यह पहली बार है जब देवघर जिले के किसानों, खासकर महिला स्वयं सहायता समूहों और महिला किसानों द्वारा तैयार किसी फल को सीधे वैश्विक बाजार में जगह मिली है। निर्यात के लिए आमों की गुणवत्ता और अंतरराष्ट्रीय मानकों का विशेष ध्यान रखा गया। ताजगी और स्वाद बनाए रखने के लिए आधुनिक पैकेजिंग की गई। यह आम मोहनपुर आजीविका महिला किसान प्रोड्यूसर कंपनी से जुड़ी महिला किसानों ने तैयार किए हैं। इनके निर्यात में एपीडा का सहयोग रहा।
किसानों के लिए खुले नए अवसर
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि यह उपलब्धि जिले के किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे देवघर के कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के नए अवसर मिले हैं। उन्होंने कहा कि इस सफलता के बाद जिले के अन्य कृषि उत्पादों को भी वैश्विक बाजार तक पहुंचाने की योजना बनाई जा रही है, जिससे किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।


