नई दिल्ली । भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने जिम्बाब्वे दौरे के लिए तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला हेतु 15 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। टीम की कमान श्रेयस अय्यर को सौंपी गई है, जबकि तिलक वर्मा को उपकप्तान बनाया गया है। यह श्रृंखला 23 जुलाई से शुरू होगी और सभी मुकाबले हरारे में खेले जाएंगे। टीम चयन में सबसे ज्यादा चर्चा 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को लेकर है। शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें एक बार फिर भारतीय टी-20 टीम में शामिल किया गया है। वहीं विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को खराब फॉर्म के कारण टीम से बाहर रखा गया है।
इसके अलावा प्रभसिमरन सिंह, आशीष शर्मा और यश ठाकुर को पहली बार भारतीय टी-20 टीम में जगह मिली है। चयनकर्ताओं ने युवा खिलाडिय़ों और नए चेहरों पर भरोसा जताते हुए भविष्य की टीम तैयार करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। हाल के महीनों में घरेलू क्रिकेट और इंडियन प्रीमियर लीग में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को इसका इनाम मिला है। दूसरी ओर अनुभवी खिलाडिय़ों में श्रेयस अय्यर, अर्शदीप सिंह, रवि बिश्नोई और तिलक वर्मा पर टीम की जिम्मेदारी रहेगी। भारत की टी-20 टीम श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल, प्रभसिमरन सिंह, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, मुकेश कुमार, आशीष शर्मा, यश ठाकुर और वाशिंगटन सुंदर।


