मुम्बई । भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान ने मंगलवार को नॉटिंघम में इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले तीसरे टी20 के लिए अपनी जो पसंदीदा टीम चुनी है उसमें स्पिनर रवि बिश्नोई की जगह पर तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को शामिल किया है।
दूसरे टी20 मुकाबले में जीत के साथ ही इंग्लैंड अभी सीरीज में 1-0 से आगे हैं। ऐसे में भारतीय टीम किसी भी हाल में ये मैच जीतना चाहेगी। इस मुकाबले से पहले पठान ने टीम की कमजोरियों को बताया और कहा कि इन्हें दूर करने अंतिम ग्यारह में बदलाव करने होंगे।
पठान ने कहा कि भारतीय टीम के गेंदबाजी संयोजन में भी बदलाव किये जाने की जरुरत है। उन्होंने कहा कि टीम मौजूदा लाइन-अप के साथ संतुलन खो रही है, जिसका नुकसान उसे भुगतना पड़ रहा है। दूसरे टी20 में भारतीय टीम केवल दो विशेषज्ञ तेज गेंदबाजों के साथ उतरी थी। पठान के अनुसार ये रणनीति सही नहीं है। उन्होंने कहा कि जब टीम में केवल दो तेज गेंदबाज होते हैं तो कप्तान के पास विकल्प नहीं रहते। ऐसी स्थिति में कप्तान को स्पिनर्स को डेथ ओवरों और यहां तक कि पावरप्ले में भी ज्यादा गेंदबाजी करानी पड़ती है, जिससे टीम को नुकसान होता है।
पठान का मानना है कि अगर पिच पर थोड़ी सी भी सीम या मूवमेंट मौजूद हो, तो एक अतिरिक्त तेज गेंदबाज की जरुरत रहती है जो अभी टीम के पास नहीं है। उन्होंने दूसरे मैच की समीक्षा करते हुए कहा कि अर्शदीप सिंह ने शुरुआत में दो विकेट लेकर बेहतरीन प्रदर्शन किया पर हर्षित राणा नई गेंद के साथ प्रभाव नहीं छोड़ पाए। साथ ही कहा कि जब आपका एक मुख्य तेज गेंदबाज लय में न हो, तो कप्तान को एक अतिरिक्त तेज गेंदबाज की अनुपस्थिति महसूस होती है।
इन्हीं परिस्थितियों के मद्देनजर इरफान पठान ने सुझाव दिया है कि तीसरे मैच में स्पिनर बिश्नोई की जगह तेज गेंदबाज प्रिंस को अवसर दिया जाना चाहिए जिससे की तेज गेंदबाजी और मजबूत हो सके।
पठान के अनुसार नॉटिंघम की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के अनुकूल मानी जाती है, लेकिन वहां की हवा और शुरुआती नमी तेज गेंदबाजों को भी काफी मदद करती है। ऐसे में भारत को सीरीज में बराबरी करनी है तो एक संतुलित और मजबूत टीम के साथ उतरना होगा।
तीसरे टी20 के लिए भारत की संभावित अंतिम ग्यारह
श्रेयस अय्यर (कप्तान),वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, हर्षित राणा, अक्षर पटेल, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती।


