निज प्रतिनिधि
गोड्डा। झारखंड सरकार के मंत्री सह गोड्डा विधायक संजय प्रसाद यादव ने रामनगर स्थित अपने आवास पर विधानसभा क्षेत्र से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के लोग अपनी विभिन्न शिकायतों एवं मांगों को लेकर मंत्री से मिले। मंत्री ने एक-एक कर लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए मामलों के त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समय पर निराकरण सरकार की प्राथमिकता है और आम लोगों को अनावश्यक परेशानी नहीं होने दी जाएगी। मुलाकात के दौरान लोगों ने सड़क, बिजली, पेयजल, आवास, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, स्वास्थ्य एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया।
मंत्री ने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि वे नियमित रूप से क्षेत्र की जनता से मिलकर उनकी समस्याएं सुनते हैं, ताकि विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके। उन्होंने लोगों से सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा किसी भी समस्या की जानकारी सीधे उन्हें देने की अपील की। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।


