अमरनाथ यात्रा जीवन की अविस्मरणीय आध्यात्मिक यात्रा : संजय सेठ
बाबा बर्फानी से देश की सुख-समृद्धि की कामना किया
श्रीनगर/रांची। भारत सरकार के माननीय रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने आज पवित्र श्री अमरनाथ यात्रा में सहभागिता करते हुए बालटाल बेस कैंप से लगभग 14.5 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर बाबा बर्फानी की पवित्र गुफा में पहुंचकर विधिवत दर्शन एवं पूजा-अर्चना की। उन्होंने बाबा अमरनाथ से देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। यात्रा के दौरान श्री सेठ ने श्रद्धालुओं के लिए की गई सुरक्षा, स्वास्थ्य, आवास, भोजन, यातायात तथा अन्य व्यवस्थाओं का भी विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों एवं चुनौतीपूर्ण मौसम के बीच भारतीय सेना, सशस्त्र बलों, जम्मू-कश्मीर पुलिस, प्रशासन तथा विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा श्रद्धालुओं की सेवा, सुरक्षा और सुविधा के लिए किए जा रहे कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना की।
श्री सेठ ने कहा कि भारतीय सेना और सुरक्षा बल जिस समर्पण, अनुशासन एवं सेवा-भाव से यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं, वह राष्ट्रसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है। वहीं विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठन निस्वार्थ भाव से श्रद्धालुओं की सेवा कर भारतीय संस्कृति की सेवा-परंपरा को सशक्त बना रहे हैं। उन्होंने पवित्र अमरनाथ यात्रा के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, माननीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह जी तथा माननीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा और सुविधाओं की उत्कृष्ट व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे लाखों श्रद्धालु सुरक्षित एवं सुगमता के साथ बाबा बर्फानी के दर्शन कर पा रहे हैं।
श्री सेठ ने कहा कि बाबा अमरनाथ की पावन यात्रा उनके जीवन की एक अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभूति रही। उन्होंने कहा कि बाबा बर्फानी का आशीर्वाद समस्त देशवासियों पर बना रहे तथा भारत निरंतर शांति, समृद्धि, विकास और वैभव के पथ पर आगे बढ़ता रहे।


