दुमका। सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय में स्नातक सत्र 2026-30 में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है। चांसलर पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 8 जुलाई 2026 तय की गई है। लेकिन इस बार छात्रों को फॉर्म भरते समय विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है, क्योंकि एक छोटी सी चूक से आपका नामांकन अटक सकता है।
विश्वविद्यालय के डीएसडब्ल्यू डॉ. जैनेन्द्र यादव ने स्पष्ट किया है कि इस वर्ष नामांकन प्रक्रिया में ‘अपार आईडी’ की भूमिका सबसे अहम है। जब भी कोई अभ्यर्थी चांसलर पोर्टल पर आवेदन करता है, तो उसका पूरा विवरण अपार प्रणाली से स्वतः ही प्राप्त कर लिया जाता है। ऐसे में यदि किसी छात्र की अपार प्रोफाइल में कोई जानकारी गलत, अधूरी या पुरानी है, तो हुबहू वही गलती आवेदन पत्र में भी दर्ज हो जाएगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों को सलाह दी है कि वे ऑनलाइन फॉर्म भरने से पहले अपनी अपार प्रोफाइल को अनिवार्य रूप से अपडेट कर लें। पोर्टल पर प्रदर्शित होने वाले नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, आधार संख्या, अपार आईडी, श्रेणी और प्राप्तांक जैसी सभी जानकारियों का बारीकी से मिलान करने और पूरी तरह संतुष्ट होने के बाद ही आवेदन शुल्क का भुगतान करें। एक बार फीस जमा हो जाने के बाद किसी भी प्रकार की त्रुटि में सुधार करना बेहद मुश्किल होगा।
छात्रों को यह भी ध्यान रखना होगा कि आवेदन जमा करने के बाद यदि वे अपनी अपार प्रोफाइल में कोई बदलाव करते हैं, तो वह आवेदन पत्र में स्वतः अपडेट नहीं होगा। इससे भविष्य में दस्तावेज सत्यापन के समय भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। विश्वविद्यालय ने सख्त हिदायत दी है कि बिना जानकारी जांचे फीस भरने या गलत विवरण देने पर होने वाली किसी भी समस्या, जैसे फॉर्म रद्द होना या नामांकन में रुकावट, के लिए छात्र स्वयं जिम्मेदार होंगे। इसमें कॉलेज या विश्वविद्यालय की कोई जवाबदेही नहीं होगी।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इस सत्र में अपार आईडी के बिना आवेदन पूरी तरह से अमान्य माना जाएगा। जिन छात्रों ने बिना अपार आईडी दर्ज किए फॉर्म भर दिया है, उनके आवेदन को तब तक स्वीकृति नहीं मिलेगी, जब तक वे इसे पोर्टल पर अपडेट नहीं कर देते।
इसलिए, विश्वविद्यालय ने अपील की है कि छात्र अंतिम तारीख का इंतजार न करें। जल्द से जल्द अपनी अपार प्रोफाइल अपडेट करें और पूरी सावधानी के साथ अपना नामांकन फॉर्म भरें, ताकि दाखिले की प्रक्रिया बिना किसी रुकावट के सुचारू रूप से पूरी हो सके।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


