– वाट्स ऐप पर ऑडियो भेज कर पैसे की भी मांग की
– एसएसपी को दी मामले की जानकारी
– सुरक्षा और कार्रवाई की गुहार लगाई
धनबाद। निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने गैंगस्टर प्रिंस खान पर फोन, व्हाट्सएप कॉल, ऑडियो और मैसेज के जरिए धमकी देने का आरोप लगाया है। विधायक ने मामले की लिखित शिकायत धनबाद एसएसपी से की है और कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि धमकी देकर पैसे की मांग की गई है और 24 घंटे के भीतर रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई है। शिकायत मिलने पर पुलिस जांच में जुट गई है।
निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से गैंगस्टर प्रिंस खान लगातार उन्हें फोन कर रहा था। उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया, जिसके बाद व्हाट्सएप पर ऑडियो और मैसेज भेजे गए। कथित ऑडियो में पैसे की मांग करते हुए 24 घंटे के भीतर इंतजाम करने की चेतावनी दी गई है। साथ ही कोयले के कारोबार का भी जिक्र किया गया है।
अरूप चटर्जी का कहना है कि हाल ही में उन्होंने प्रेस वार्ता कर सांसद ढुलू महतो और गैंगस्टर प्रिंस खान के कथित संबंधों की जांच की मांग उठाई थी। उनका आरोप है कि उसी के बाद उन्हें धमकी मिलनी शुरू हुई। विधायक ने जिले में कोयला चोरी, अवैध खनन और उससे जुड़े मामलों की केंद्रीय एजेंसियों से निष्पक्ष जांच कराने की मांग दोहराई है। उन्होंने कहा कि यदि जांच होती है तो उसमें उनका नाम भी शामिल किया जाए, ताकि पूरे मामले का सच सामने आ सके। विधायक की शिकायत के आधार पर धनबाद पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की सत्यता की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


