संताल एक्सप्रेस संवाददाता
पाकुड़। नगर थाना क्षेत्र के सिंधीपाड़ा में 28/29 जून की रात दो बंद घरों में हुई चोरी की वारदात का पाकुड़ पुलिस ने एक सप्ताह के भीतर खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण, लैपटॉप, कांसा के बर्तन, नकदी, पुराने नोट-सिक्के, चोरी में प्रयुक्त औजार तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि चोरों ने दोनों बंद मकानों का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, एक लैपटॉप, कांसा के बर्तन, नकद राशि एवं अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया था।
मामले में नगर थाना कांड संख्या 159/2026 एवं 160/2026 दर्ज कर एसडीपीओ कुमार गौरव के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार छापेमारी के आधार पर महज एक सप्ताह के भीतर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7.06 ग्राम गला हुआ सोना, 97.620 ग्राम गली हुई चांदी, काले रंग की यामाहा आर-15 मोटरसाइकिल, डेल कंपनी का एक लैपटॉप (चार्जर सहित), कांसा के बर्तन, चोरी किए गए पुराने नोट एवं सिक्के तथा चोरी में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं।
गिरफ्तार सभी आरोपी पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कालियाचक थाना क्षेत्र के निवासी हैं। इनमें जायदुल शेख उर्फ लठ्ठो शेख (35), शरीफ शेख उर्फ मिठु शेख (32), इशा शेख उर्फ मोहम्मद इशा शेख (28) तथा रोयस मिर्जा (38) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने नगर थाना क्षेत्र में पूर्व में हुई अन्य चोरी की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। चारों के विरुद्ध झारखंड और पश्चिम बंगाल के विभिन्न थानों में चोरी, डकैती, एनडीपीएस एवं आर्म्स एक्ट समेत कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस कार्रवाई में एसडीपीओ कुमार गौरव, नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता, तकनीकी शाखा तथा नगर थाना की विशेष टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


