पूर्वी सिंहभूम । शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस जहां गुरुवार देर रात विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च कर रही थी, वहीं कदमा थाना क्षेत्र के रामजन्म नगर में गोलीबारी की घटना ने पुलिस की सतर्कता पर सवाल खड़े कर दिए। आपसी रंजिश और घरेलू विवाद में एक युवक को गोली मार दी गई। गोली उसके जबड़े को चीरते हुए निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात रामजन्म नगर निवासी पेंटर संजय कांडी का अपने ममेरे भाई कृष्णा सोना के साथ पुराने विवाद और गैस सिलेंडर को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान कृष्णा सोना ने अवैध हथियार निकालकर संजय पर फायरिंग कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इस दौरान तीन राउंड फायरिंग की गई, जिसमें एक गोली संजय के जबड़े में लगी और आर-पार निकल गई।
गोलीबारी की आवाज सुनते ही पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कदमा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल संजय को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका उपचार चल रहा है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब और सिटी एसपी ललित मीणा देर रात घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आसपास के लोगों से जानकारी ली और जांच टीम को आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।


