रांची । राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने गुरुवार को रांची के लोक भवन में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत स्वयं गणना प्रपत्र भरकर एवं उस पर हस्ताक्षर कर 63- रांची विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या-16 की बूथ स्तर पदाधिकारी (बीएलओ) मंजू कच्छप को सौंपा।
इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार के जिला निर्वाचन पदाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री तथा निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ)-सह-अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत उपस्थित थे।
राज्यपाल ने राज्य के सभी पात्र भारतीय नागरिकों से आह्वान किया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत जब बूथ स्तर पदाधिकारी (बीएलओ) उनके घर गणना प्रपत्र लेकर आएँ, तो वे उसे तत्काल भरकर हस्ताक्षर सहित बीएलओ को उपलब्ध कराएँ, ताकि प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित किया जा सके।
राज्यपाल ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम से जुड़े सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को इस महत्वपूर्ण अभियान के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए शुभकामनाएं दीं तथा विश्वास व्यक्त किया कि उनके समर्पित प्रयासों से राज्य के प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित रूप से दर्ज किया जा सकेगा।
———————————————————————————————————–
रांची । मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने गुरुवार को रांची के कांके स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत स्वयं एन्यूमरेशन प्रपत्र भरकर जमा किया।
मौके पर मुख्यमंत्री ने झारखंड के सभी पात्र मतदाताओं से तय समय सीमा के भीतर एसआईआर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि मतदान का अधिकार सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री के समक्ष निर्वाचन अधिकारियों की उपस्थिति में 64-हटिया विधानसभा क्षेत्र के बूथ नम्बर-290 की बीएलओ ने एन्यूमरेशन फार्म भरने की प्रक्रिया पूरी की। मौके पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की धर्मपत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन ने भी स्वयं अपना एन्यूमरेशन प्रपत्र भरकर जमा किया।
मुख्यमंत्री ने राज्य के समस्त मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे समय पर अपना एसआईआर प्रपत्र भरें तथा मतदाता सूची में अपनी जानकारी का सत्यापन सुनिश्चित कराएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक नागरिक की लोकतांत्रिक भागीदारी ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है। मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया की आधारशिला है। मुख्यमंत्री ने आम जनमानस से अपील करते हुए कहा कि सभी पात्र मतदाता एसआईआर अभियान में बढ़-चढ़कर अपनी महती भूमिका निभाएं तथा अपने परिवार, पास-पड़ोस और समाज के अन्य लोगों को भी इस प्रक्रिया में सम्मिलित होकर एसआईआर प्रपत्र भरने के लिए प्रेरित करें।
मौके पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री, अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, ईआरओ-सह-एडीएम धनंजय, उप निर्वाचन पदाधिकारी विवेक कुमार सुमन, बीएलओ वेरोनिका देवी उपस्थित रहे।


