संताल एक्स्प्रेस संवाददाता
बरहेट- सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरहेट के सभागार में बुधवार को सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान ने स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने को लेकर स्वास्थ्य कर्मियों के साथ दो चरणों में समीक्षा बैठक की. पहले चरण में एएनएम, एमपीडब्ल्यू एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के साथ बैठक हुई. जबकि दूसरे चरण में सहिया, सहिया साथी एवं बीटीटी के साथ चर्चा की गई.बैठक में कालाजार, मलेरिया, डायरिया, सर्पदंश, झाड़-फूंक जैसी अंधविश्वासी प्रथाओं तथा बाल विवाह जैसे विषयों पर विशेष रूप से चर्चा की गई.सिविल सर्जन ने कहा कि वर्तमान मौसम में मलेरिया, कालाजार एवं डायरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है.
ऐसे में सहिया, सहिया साथी एवं स्वास्थ्यकर्मियों के सहयोग से संभावित मरीजों की शीघ्र पहचान कर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाकर समय पर उपचार सुनिश्चित किया जाएं.उन्होंने सहिया, सहिया साथी एवं बीटीटी को निर्देश दिया कि यदि क्षेत्र में झाड़-फूंक के कारण इलाज में देरी, सर्पदंश, बाल विवाह अथवा स्वास्थ्य संबंधी किसी गंभीर समस्या की सूचना मिले तो तत्काल प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को अवगत कराएं. आवश्यकता पड़ने पर वाहन की व्यवस्था, विशेष स्वास्थ्य शिविर अथवा स्वास्थ्य टीम भेजकर मरीजों का उपचार कराया जाएंगा.डॉ. पासवान ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में उपचार के अभाव में किसी मरीज की मृत्यु स्वीकार्य नहीं होगी. यदि ऐसी घटना होती है तो मामले की जांच कर दोषी पाए जाने वाले कर्मियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.बैठक में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. पंकज कुमार, बीडीएम विजय भगत, बीपीएम सहित सीएचसी के सभी स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे.


