कोटालपोखर चेकनाका प्रकरण की होगी निष्पक्ष पड़ताल, रिपोर्ट के बाद एसपी को सौंपा जाएगा ज्ञापन
संताल एक्सप्रेस संवाददाता
साहिबगंज- झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन (जेजेए) साहिबगंज जिला इकाई की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक बुधवार को परिसदन परिसर में जिलाध्यक्ष चंदन सिंह की अध्यक्षता में हुई. बैठक में प्रदेश सचिव अरविंद ठाकुर एवं डिजिटल मीडिया प्रदेश प्रभारी प्रवीण कुमार विशेष रूप से शामिल हुए. बैठक में कोटालपोखर थाना क्षेत्र के चेकनाका पर खबर संकलन के दौरान चार पत्रकारों वसीम अकरम, मोहम्मद मोहसिन, लाल मोहम्मद शेख एवं मोहम्मद मुशर्रफ के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार तथा उनकी गिरफ्तारी के मामले पर गंभीर चर्चा की गई.बैठक में संगठन ने घटना पर गहरी चिंता एवं दुख व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वतंत्र कार्य वातावरण लोकतंत्र की बुनियादी आवश्यकता है. इस दौरान पीड़ित पत्रकारों के परिजनों से दूरभाष पर बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली. साथ ही पीड़ित परिवार की ओर से जिलाध्यक्ष चंदन सिंह के नाम एक लिखित आवेदन भी संगठन को सौंपा गया. जिसमें घटना की पूरी आपबीती का उल्लेख करते हुए निष्पक्ष जांच कराने एवं न्याय दिलाने में संगठन से सहयोग की अपील की गई.
तीन सदस्यीय जांच समिति करेगी मामले की तथ्यात्मक जांच
प्रदेश नेतृत्व के निर्देश एवं प्राप्त आवेदन के आलोक में बैठक में सर्वसम्मति से पूरे मामले की वस्तुस्थिति जानने के लिए तीन सदस्यीय जिला जांच समिति का गठन किया गया.समिति में जिला उपाध्यक्ष अब्दुल मन्नान, जिला उपाध्यक्ष भूदेव कुमार तथा राजमहल प्रखंड उपाध्यक्ष सह अधिवक्ता दिनेश उपाध्याय को शामिल किया गया है. समिति राजमहल उपकारा में बंद चारों पत्रकारों से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की तथ्यात्मक जानकारी जुटाएगी तथा अपनी विस्तृत रिपोर्ट जिला इकाई को सौंपेगी. संगठन ने स्पष्ट किया कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पूर्व सभी तथ्यों का निष्पक्ष अध्ययन किया जाएंगा.
रिपोर्ट के बाद पुलिस अधीक्षक को सौंपा जाएगा ज्ञापन
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जांच समिति की रिपोर्ट प्राप्त होने एवं प्रदेश कमेटी के निर्देश के बाद जिला इकाई का एक शिष्टमंडल पुलिस अधीक्षक, साहिबगंज से मुलाकात करेगा. शिष्टमंडल कोटालपोखर थाना में दर्ज प्राथमिकी, चेकनाका पर हुई पूरी घटना तथा संबंधित प्रशासनिक कार्रवाई की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपेगा.संगठन ने दोहराया कि उपलब्ध तथ्यों और जांच रिपोर्ट के आधार पर पत्रकार हित में आगे की रणनीति तय की जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से आगे की कार्रवाई भी की जाएगी.बैठक में जिला महासचिव रब नवाज आलम, जिला सचिव आलोक कुमार, जिला कोषाध्यक्ष अमित कुमार सिंह, पंकज कुमार वर्मा, तालझारी प्रखंड अध्यक्ष अमित कुमार चौधरी, संजय सिंह, सहेंद्र प्रसाद, गोविंद ठाकुर, धनंजय हलदार, संजीव कुमार, आनंद कुमार चौधरी, प्रशांत कुमार, चंदन कुमार, उज्ज्वल कुमार साहा, दीपक कुमार साह एवं नवीन कुमार सहित जिला एवं प्रखंड इकाई के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे.


